रिंग रोड गोलीकांड में रायपुर पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन, 5 टीमें बनाकर 3 आरोपियों को दबोचा
देहरादून। रिंग रोड पर शराब ठेके के बाहर दहशत फैलाने वाले तीन बदमाशों को दून पुलिस ने चौबीस घंटे के भीतर दबोच लिया है। पुलिस कप्तान की बनाई विशेष टीमों ने घेराबंदी करते हुए इन आरोपियों को थानो रोड के सोढा सरोली इलाके से गिरफ्तार किया। पकड़े गए बदमाशों के तार उत्तर प्रदेश के बिजनौर से जुड़े हैं, जहां एक शादी समारोह के दौरान शुरू हुई खुनिस का बदला लेने के लिए इस खूनी वारदात को अंजाम दिया गया था।
रायपुर थाना पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 के तहत मुकदमा दर्ज किया था। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोभाल ने तत्काल पांच अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन कर आरोपियों की तलाश में रवाना किया था। जांच टीमों ने घटनास्थल के आसपास के दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद इन संदिग्धों को चिन्हित किया था।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी अक्षय प्रधान की घायल कमेन्द्र शर्मा के साथ बिजनौर के कीरतपुर में एक शादी के दौरान पुरानी रंजिश चल रही थी। यह विवाद इस कदर बढ़ा कि दोनों गुट एक-दूसरे को देख लेने की धमकियां दे रहे थे। वारदात की रात भी दोनों पक्ष छह नंबर पुलिया के पास आपस में भिड़ गए थे, जहां बात बढ़ने पर बदमाशों ने पिस्टल निकालकर अंधाधुंध दो फायर झोंक दिए।
इस गोलीबारी में एक गोली सीधे कमेन्द्र शर्मा के पैर में लगी, जबकि दूसरी गोली वहां पास में ही खड़े नवीन राणा नामक युवक के कंधे को पार कर गई।
वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए थे, जिसके बाद घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वादी दिवाकर खण्डूडी की तहरीर पर पुलिस ने तुरंत जाल बिछाया और फरार आरोपियों को धर दबोचा।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान 27 वर्षीय अरुण कुमार उर्फ छोटू (निवासी रायपुर, मूल निवासी बिजनौर), 24 वर्षीय सन्नी कुमार (निवासी किद्दूवाला, मूल निवासी बिजनौर) और 19 वर्षीय आदर्श सिंह (निवासी शिमला बायपास, मूल निवासी कीरतपुर, बिजनौर) के रूप में हुई है। इस पूरी कार्रवाई में रायपुर थानाध्यक्ष संजीत कुमार, नेहरू कॉलोनी थानाध्यक्ष मनोज नौटियाल और एसओजी प्रभारी विनोद राणा की टीमों ने संयुक्त रूप से काम किया। मुख्य आरोपी अक्षय प्रधान अभी भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें बिजनौर और उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
The post Crime : शराब ठेके के बाहर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाने वाले 3 शूटर गिरफ्तार, दून पुलिस की बड़ी कामयाबी appeared first on Devpath.





