ऊधमसिंह नगर। उत्तराखण्ड एसटीएफ (STF) ने अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय एक ऐसे शातिर गैंग का भंडाफोड़ किया है, जो सरकारी योजनाओं के तहत बिछाई गई बिजली की लाइनों को निशाना बना रहा था। कुमाऊं एसटीएफ की टीम ने काशीपुर और कुंडा क्षेत्र में स्वर्गीय दीनदयाल योजना के तहत बिछी कई किलोमीटर लंबी केबल चोरी करने वाले नेटवर्क को ध्वस्त करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 50 लाख रुपये की विद्युत केबल और तस्करी में इस्तेमाल होने वाले दो वाहन भी बरामद किए हैं।
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह के नेतृत्व में जारी ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत यह कार्रवाई की गई। एसटीएफ को गोपनीय सूचना मिली थी कि रुद्रपुर के धरमपुर क्षेत्र में ‘गुरमा ट्रेनिंग कंपनी’ नाम की एक फर्म की आड़ में चोरी की केबल का बड़ा काला कारोबार चल रहा है। इस इनपुट पर कार्रवाई करते हुए एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने धरमपुर स्थित गोदाम पर छापा मारा, जहां से 45 क्विंटल बिजली के तार बरामद हुए।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान आफताब अली और जीशान के रूप में हुई है, जो मूल रूप से ऊधमसिंह नगर के ही निवासी हैं। मुख्य आरोपी आफताब अली का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी लूट, डकैती और चोरी के कई मामलों में जेल की हवा खा चुका है। पूछताछ में सामने आया है कि यह गैंग पिछले दो महीनों से काशीपुर, कुंडा, जशपुर और महुआ खेड़ा इलाकों में सक्रिय था।
गिरोह के काम करने का तरीका बेहद शातिर था। ये आरोपी रात के सन्नाटे में स्कॉर्पियो गाड़ी से उन इलाकों की रेकी करते थे जहां नई केबल बिछाई गई होती थी। मौका मिलते ही गिरोह के सदस्य भारी-भरकम कटर और औजारों से केबल काटकर उन्हें पिकअप वाहन में लाद लेते थे। रात में ही सारा माल रुद्रपुर के धरमपुर स्थित गोदाम में शिफ्ट कर दिया जाता था।
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी केबल को छीलकर उसमें से कॉपर और एल्युमिनियम के तार निकालते थे। इस कीमती धातु को उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद और बरेली के बाजारों में खपाया जाता था। केबल चोरी की इन वारदातों से न केवल सरकारी संपत्ति का नुकसान हो रहा था, बल्कि कई ग्रामीण इलाकों में बिजली आपूर्ति भी ठप हो गई थी।
एसटीएफ ने गोदाम से तार काटने वाली बड़ी कैंची, 9 कटर, हेक्सा ब्लेड से बने 8 चाकू और अन्य धारदार औजार बरामद किए हैं। घटना में इस्तेमाल स्कॉर्पियो (UK18D 4683) और पिकअप (UP25ET 3005) को भी सीज कर दिया गया है। पुलिस अब इस गिरोह के उन खरीदारों की तलाश कर रही है जो मुरादाबाद और बरेली में चोरी का माल खरीदते थे।
आरोपियों के खिलाफ कुंडा थाने में मु.अ.सं. 100/2026 और काशीपुर थाने में मु.अ.स. 131/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303 और 324(3) में केस दर्ज किया गया है। एसटीएफ की इस सफलता पर पुलिस मुख्यालय ने टीम की पीठ थपथपाई है, वहीं इलाके में सक्रिय अन्य कबाड़ियों और संदिग्ध गोदाम स्वामियों पर भी नजर रखी जा रही है।
The post उत्तराखण्ड STF का बड़ा धमाका : 50 लाख के बिजली के तार के साथ अंतरराज्यीय गैंग का सरगना गिरफ्तार appeared first on Devpath.





