देहरादून। डीएवी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव को लेकर चल रहे विवाद में गोविंदगढ़ में एक युवक पर कथित रूप से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में कांवली रोड निवासी 29 वर्षीय अनंत विभोर गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित की तहरीर पर बसंत विहार थाना पुलिस ने तीन नामजद समेत 15 से 20 अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार अनंत ने तहरीर में बताया कि 22 सितंबर की रात निखिल उर्फ पिल्लू ने फोन कर उसे गोविंदगढ़ पुल पर बुलाया था। वहां डीएवी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव को लेकर बातचीत शुरू हुई। आरोप है कि इसी दौरान निखिल और उसके साथियों प्रथम ठाकुर, मोहित उर्फ मोनू तथा 15 से 20 अन्य नकाबपोश युवकों ने अचानक उस पर हमला कर दिया।
आरोपियों ने लोहे की रॉड, लाठी-डंडे, खुखरी और पंच से युवक के साथ मारपीट की। हमले में अनंत के सिर पर गंभीर चोट आई और उपचार के दौरान आठ से नौ टांके लगाए गए। इसके अलावा एक पैर में फ्रैक्चर, पीठ पर लाठी के निशान और नाक पर गहरी चोट भी बताई गई है।
घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी। बसंत विहार थाना प्रभारी अमित शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। नामजद आरोपियों के साथ अज्ञात हमलावरों की पहचान और तलाश की जा रही है। पुलिस घटना के कारणों और छात्रसंघ चुनाव से जुड़े विवाद की भी जांच कर रही है।
The post डीएवी कॉलेज चुनाव विवाद में युवक पर जानलेवा हमला appeared first on Devpath.





