---Advertisement---

Crime News : देहरादून में पत्नी को मौत के घाट उतारने वाला पति गिरफ्तार

By
—
Last updated:
Follow Us
Join Our WhatsApp Channel


सुभाष नगर में महिला की संदिग्ध मौत का मामला सुलझा, एसओजी और पुलिस ने आरोपी को दबोचा

देहरादून (ब्यूरो)। क्लेमेंटटाउन थाना क्षेत्र के सुभाष नगर में बीते दिनों हुई 26 वर्षीय काजल की हत्या के मामले में देहरादून पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने आरोपी पति धीरज पंवार उर्फ लल्लू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल 315 बोर का देसी तमंचा, एक जिंदा कारतूस और खून के धब्बों से सनी शर्ट बरामद की है।

घटना की शुरुआत 21 सितंबर की सुबह 112 आपातकालीन कंट्रोल रूम में आई एक कॉल से हुई थी। कॉल करने वाले धीरज ने दावा किया था कि कहासुनी के दौरान दुर्घटनावश गोली चलने से उसकी पत्नी काजल की मौत हो गई है और वह उसे दून अस्पताल ले जा रहा है। हालांकि, जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो सुभाष नगर स्थित मकान में बिस्तर पर 26 वर्षीय काजल का लहूलुहान शव पड़ा मिला।

मृतका के सिर और पेट में गोली लगी थी। घटना के तुरंत बाद आरोपी अपना मोबाइल स्विच ऑफ कर मौके से फरार हो गया था। मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून प्रमेंद्र सिंह डोभाल के निर्देश पर एसओजी और क्लेमेंट टाउन पुलिस की टीमें गठित की गईं। आरोपी मूल रूप से मुजफ्फरनगर के पुरकाजी का रहने वाला है और शादी के बाद से ही सुभाष नगर स्थित अपने ससुराल में रह रहा था। कोई स्थायी ठिकाना न होने के कारण उसे खोजना पुलिस के लिए चुनौती था।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि पिछले एक साल से दोनों के बीच विवाद चल रहा था और तीन महीने से उसे घर में प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा था। जब उसे पता चला कि पत्नी तलाक लेने की तैयारी कर रही है, तो उसने हत्या की साजिश रची।

आरोपी ने सहारनपुर से अवैध तमंचा खरीदा और घटना की रात देहरादून पहुंचकर पास की एक निर्माणाधीन इमारत में छिपकर रेकी की। सुबह मौका मिलते ही वह टीन का दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुआ और गहरी नींद में सो रही पत्नी पर दो फायर कर दिए।

धारा 103(1) के तहत दर्ज इस मुकदमे में ठोस साक्ष्य संकलन के साथ पुलिस अब चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी कर रही है।

The post Crime News : देहरादून में पत्नी को मौत के घाट उतारने वाला पति गिरफ्तार appeared first on Devbhumidarshan.

Leave a Comment