देहरादून में बिना अनुमति पटाखा बेचने पर होगी कड़ी कार्रवाई, तय हुए नए स्थल, प्रशासन सख्त

By
—
On:
Follow Us
Join Our WhatsApp Channel


देहरादून में सिर्फ तय जगहों पर ही बिकेंगे पटाखे, प्रशासन ने जारी किए निर्देश

  • दिवाली से पहले जिला प्रशासन की चेतावनी, नियमों का उल्लंघन करने पर होगी कार्रवाई

  • देहरादून जिला प्रशासन का आदेश: इन 3 प्रमुख जगहों पर ही बिकेंगे पटाखे

  • उत्तराखंड में दिवाली से पहले प्रशासन अलर्ट, अग्निशमन और सुरक्षा के कड़े निर्देश

  • देहरादून में केवल रेजर ग्राउंड और चिन्हित स्थलों पर ही बिकेंगे पटाखे

देहरादून : दिवाली पर्व के मद्देनजर देहरादून जिला प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर कड़े कदम उठाए हैं। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने व्यापार मंडल और अधिकारियों के साथ बैठक कर साफ कर दिया है कि इस बार शहर में केवल निर्धारित स्थलों पर ही पटाखों की बिक्री की अनुमति होगी और अवैध रूप से दुकानें लगाने वालों पर सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने राजधानी में पटाखों की बिक्री के लिए खास स्थान तय किए हैं। इसके तहत रेजर ग्राउंड, हिंदू नेशनल इंटर कॉलेज के पास 26 पार्क रोड क्षेत्र और पुराना बस अड्डा देहरादून को पटाखा बिक्री के लिए चिह्नित किया गया है। इसके अलावा नगर मजिस्ट्रेट और उप जिलाधिकारियों द्वारा अन्य उपयुक्त स्थलों का चयन भी किया जा रहा है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि लाइसेंसधारकों को तय शर्तों का सख्ती से पालन कराना होगा ताकि बाजारों में किसी तरह की असुविधा न हो।

पटाखों की दुकानों पर आग की घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। अग्निशमन विभाग को चिन्हित स्थलों का निरीक्षण कर सभी जरूरी उपकरण सुनिश्चित करने को कहा गया है। दुकानदारों को अपनी दुकानों पर फायर एक्सटिंग्विशर रखना अनिवार्य किया गया है। इसके अलावा विद्युत विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि बिक्री स्थलों पर सुरक्षित वायरिंग और मानकों के अनुकूल विद्युत संयोजन दिए जाएं ताकि शॉर्ट सर्किट जैसी किसी भी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।

त्योहारों के दौरान बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए सार्वजनिक मार्गों और सड़कों पर ठेली या टेबल लगाकर अतिक्रमण करने की पूरी तरह मनाही होगी। प्रशासन ने पुलिस और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तुरंत एक्शन लिया जाए। इसके साथ ही संवेदनशील बस्तियों और स्लम एरिया में भी पुलिस को विशेष सुरक्षा इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि त्योहारी सीजन शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।

The post देहरादून में बिना अनुमति पटाखा बेचने पर होगी कड़ी कार्रवाई, तय हुए नए स्थल, प्रशासन सख्त appeared first on Devbhumidarshan.

Related News

Leave a Comment