कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने पति पर दर्ज कराया केस, हत्या की साजिश का आरोप

By
—
On:
Follow Us
Join Our WhatsApp Channel


उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने पति गिरधारी लाल पर पहली शादी छिपाने, मारपीट और हत्या की साजिश का आरोप लगाते हुए कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कराया।

देहरादून : उत्तराखंड की राजनीति में उस वक्त हड़कंप मच गया जब धामी सरकार की वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने अपने पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। यमुना कॉलोनी स्थित सरकारी आवास में रहने वाली 48 वर्षीय मंत्री ने देहरादून के कैंट कोतवाली में पति के खिलाफ पहली शादी छिपाकर धोखा देने, घरेलू हिंसा, फर्जीवाड़े और कथित हत्या की साजिश रचने की सनसनीखेज तहरीर दी है।

मीडिया के सामने अपनी व्यथा बताते हुए कैबिनेट मंत्री फफक-फफक कर रो पड़ीं और कहा कि ‘महिला चाहे आम हो या खास, किसी को भी अत्याचार नहीं सहना चाहिए।’ पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ विभिन्न संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

ऑडियो में कथित हत्या की साजिश का दावा

कैबिनेट मंत्री ने पुलिस को दी गई शिकायत में एक ऑडियो क्लिप का हवाला दिया है, जिसने पूरे प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में सनसनी फैला दी है। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि इस कथित ऑडियो में गिरधारी लाल साहू किसी अन्य महिला से बातचीत के दौरान मंत्री की हत्या की साजिश रचने की बात कर रहा है।

रेखा आर्या ने पुलिस के सामने स्पष्ट किया कि उन्हें और उनके नाबालिग बच्चों की जान को गंभीर खतरा है। इसके साथ ही मंत्री का आरोप है कि आरोपी पति ने उनके फर्जी हस्ताक्षर और जाली दस्तावेजों का इस्तेमाल कर संबंधित कंपनियों से उन्हें निदेशक पद से हटवाने का कुत्सित प्रयास किया, जबकि उन्होंने कभी किसी त्यागपत्र पर दस्तखत नहीं किए थे।

शादी छिपाई, मारपीट और फर्जी दस्तखत के आरोप

तहरीर के अनुसार, रेखा आर्या का विवाह 6 जुलाई 2004 को बरेली (उत्तर प्रदेश) निवासी गिरधारी लाल साहू के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। आरोप है कि शादी के समय आरोपी ने खुद को अविवाहित बताया था, लेकिन शादी के कुछ साल बाद पता चला कि वह पहले से शादीशुदा था और उसके बच्चे भी हैं। मंत्री का आरोप है कि जब उन्होंने पति के अन्य महिलाओं से कथित अवैध संबंधों और पूर्व विवाह का विरोध किया, तो आरोपी ने शुरुआत में लिखित माफी मांगी, लेकिन बाद में मारपीट और गाली-गलौज करने लगा। इतना ही नहीं, सरकारी आवास में तैनात स्टाफ के सामने उनके लिए जातिसूचक और अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल भी किया गया।

कैंट थाने में मुकदमा दर्ज, जांच में जुटी पुलिस

देहरादून पुलिस ने कैबिनेट मंत्री की तहरीर को गंभीरता से लेते हुए तत्काल विधिक प्रक्रिया पूरी की। एसपी सिटी शेखर सुयाल ने पुष्टि करते हुए बताया कि कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या की शिकायत के आधार पर उनके पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ कैंट थाने में कई सुसंगत आपराधिक धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस की विशेष टीमें अब मामले से जुड़े साक्ष्यों, कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग और दस्तावेजी सबूतों की फॉरेंसिक जांच कर रही हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कानून के तहत निष्पक्ष जांच आगे बढ़ाई जा रही है और आवश्यक होने पर आरोपी से पूछताछ के लिए नोटिस व कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

The post कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने पति पर दर्ज कराया केस, हत्या की साजिश का आरोप appeared first on Devbhumidarshan.

Related News

Leave a Comment