Dehradun Crime : देहरादून में पत्नी ने प्रेमी के साथ रची साजिश, गला रेतकर खाई में फेंकी लाश

By
—
On:
Follow Us
Join Our WhatsApp Channel


प्रेमनगर में सनसनीखेज वारदात: अवैध संबंधों के रोड़े को हटाने के लिए पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर की पति की हत्या

  • प्रेमनगर मर्डर मिस्ट्री का 12 घंटे में खुलासा, झाझरा के जंगलों में मिला था शव, पत्नी और प्रेमी गिरफ्तार

देहरादून (ब्यूरो)। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मांडूवाला इलाके में हुई एक सनसनीखेज अंधी हत्या की गुत्थी को दून पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। 38 वर्षीय मदन मुखिया की हत्या किसी बाहरी रंजिश का नतीजा नहीं, बल्कि उनके ही घर के भीतर रची गई एक खूनी साजिश थी। पुलिस जांच में यह कड़वी सच्चाई सामने आई है कि मृतक की पत्नी ने अपने 23 वर्षीय प्रेमी के साथ मिलकर इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया था। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

मामले की शुरुआत 3 अक्टूबर को हुई, जब प्रेमनगर पुलिस को कंट्रोल रूम के जरिए सूचना मिली कि मांडूवाला में डॉल्फिन कॉलेज के समीप जंगलों की खाई में एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा है। थानाध्यक्ष प्रेमनगर पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। खाई से निकाले गए शव की शिनाख्त मदन मुखिया (38 वर्ष) के रूप में हुई, जो मूल रूप से बोन गांव, जिला सहरसा (बिहार) का निवासी था और हाल में मांडूवाला झाझरा में मजदूरी करता था। मृतक की गर्दन पर धारदार हथियार से गहरे वार किए गए थे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून प्रमेंद्र सिंह डोभाल के निर्देश पर फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। मृतक के मकान मालिक सुरेंद्र सिंह की तहरीर पर थाना प्रेमनगर में बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में गठित पुलिस टीमों ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला और स्थानीय मजदूरों से पूछताछ शुरू की। मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने मांडूवाला के बाला सुंदरी मंदिर के पास से लल्लन शर्मा (23 वर्ष) को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर लल्लन ने अपना जुर्म कबूल करते हुए मदन की पत्नी मीना देवी की संलिप्तता का खुलासा किया।

कड़ाई से हुई पूछताछ में लल्लन ने बताया कि वह भी बिहार का रहने वाला है और मांडूवाला में दर्जी के यहां रहकर मजदूरी करता है। पिछले तीन वर्षों से उसका अपने पड़ोसी मदन की पत्नी मीना के साथ गुप्त प्रेम प्रसंग चल रहा था। दो दिन पूर्व जब मदन तिरुपति मंदिर में मजदूरी कर रहा था, तब उसने लल्लन का मोबाइल चेक कर लिया। उसमें अपनी पत्नी और लल्लन के आपत्तिजनक फोटो व वीडियो देखकर मदन आपे से बाहर हो गया और दोनों को जान से मारने व समाज में बेनकाब करने की धमकी दी।

राज खुलने और बदनामी के डर से लल्लन और मीना ने मदन को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया। तय योजना के मुताबिक शाम को मीना अपने पति मदन को शराब पिलाने के बहाने जंगल की ओर ले गई। जब मदन पूरी तरह नशे में धुत हो गया, तो वहां पहले से मौजूद लल्लन के साथ मिलकर दोनों ने धारदार चाकू से मदन का गला रेत दिया।

हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को जंगल के पास स्थित गहरी खाई में धकेल दिया गया और आला-ए-कत्ल (चाकू) को झाड़ियों में छिपा दिया गया। पुलिस ने लल्लन की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में लल्लन शर्मा और मीना देवी (30 वर्ष) शामिल हैं।

The post Dehradun Crime : देहरादून में पत्नी ने प्रेमी के साथ रची साजिश, गला रेतकर खाई में फेंकी लाश appeared first on Devpath.

Related News

Leave a Comment