राज्यसभा चुनाव : भाजपा ने दिनेश आर्य को बनाया उम्मीदवार

By
—
On:
Follow Us
Join Our WhatsApp Channel


देहरादून। उत्तराखंड में होने वाले राज्यसभा द्विवार्षिक चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने दिनेश आर्य को अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है। भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति ने रविवार को उनके नाम पर मुहर लगाई। पार्टी के इस फैसले ने राज्यसभा की दौड़ में शामिल कई दावेदारों को चौंका दिया है।

दिनेश आर्य हल्द्वानी से ताल्लुक रखते हैं और वर्तमान में राज्य स्तरीय पेयजल अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष हैं। वह नैनीताल भाजपा के जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। पार्टी संगठन में लंबे समय से सक्रिय आर्य को कुमाऊं क्षेत्र से राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने को भाजपा की महत्वपूर्ण राजनीतिक रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।

विधानसभा चुनाव से पहले दलित चेहरे पर दांव

भाजपा के इस निर्णय को आगामी विधानसभा चुनाव के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी ने राज्यसभा के लिए एक दलित नेता को मैदान में उतारकर सामाजिक समीकरण साधने का संदेश दिया है। उत्तराखंड की राजनीति में कुमाऊं क्षेत्र की राजनीतिक भूमिका को देखते हुए आर्य की उम्मीदवारी को संगठन और चुनावी रणनीति, दोनों दृष्टि से अहम माना जा रहा है।

कई दावेदारों के बीच आर्य के नाम पर मुहर

राज्यसभा सीट के लिए भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं के नाम चर्चा में थे। इसके बावजूद केंद्रीय नेतृत्व ने दिनेश आर्य पर भरोसा जताया। अब वह भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में होंगे।

उत्तराखंड में राज्यसभा की एक सीट के लिए द्विवार्षिक चुनाव होना है। भाजपा के केंद्रीय चुनाव समिति की ओर से प्रत्याशी की घोषणा के साथ ही चुनावी तस्वीर काफी हद तक स्पष्ट हो गई है।

पश्चिम बंगाल में भी भाजपा ने घोषित किया प्रत्याशी

भाजपा ने उत्तराखंड के साथ पश्चिम बंगाल में होने वाले राज्यसभा उपचुनाव के लिए भी प्रत्याशी घोषित किया है। पार्टी ने रुक्मिणी मल्लिक (कोयल मल्लिक) को अपना उम्मीदवार बनाया है।

The post राज्यसभा चुनाव : भाजपा ने दिनेश आर्य को बनाया उम्मीदवार appeared first on Devbhumidarshan.

Related News

Leave a Comment