---Advertisement---

Crime News : नालापानी चौक के पास महिला को जबरन कार में बैठाने का प्रयास, पुलिस ने युवती को सहस्रधारा रोड से किया गिरफ्तार

By
—
On:
Follow Us
Join Our WhatsApp Channel


देहरादून अपहरण कोशिश मामला : 7.5 लाख का लेन-देन और 11 गायों की डेयरी, सामने आई किडनैपिंग की पूरी कहानी

  • 23 सितंबर को नालापानी में हुई किडनैपिंग की कोशिश का सच आया सामने, कारगी चौक से रेंट पर ली थी स्विफ्ट कार, गिरोह की एक आरोपी अरेस्ट

देहरादून (ब्यूरो)। सहस्रधारा रोड स्थित नालापानी चौक के पास बीते 23 सितंबर की सुबह एक महिला को जबरन कार में खींचने की कोशिश का दून पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेंद्र सिंह डोभाल के निर्देश पर गठित रायपुर पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल एक मुख्य अभियुक्ता को सहस्रधारा रोड से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ी गई युवती की पहचान 19 वर्षीय चाहत उर्फ अन्नू (निवासी गोविंद विहार, डांडा लखौंड, रायपुर) के रूप में हुई है।

पुलिस पूछताछ में अभियुक्ता अन्नू ने बताया कि वह और उसका साथी दीपक पासवान पिछले दो वर्षों से एक-दूसरे को जानते हैं। दोनों अपना व्यवसाय शुरू करना चाहते थे। इसी दौरान एक परिचित के जरिए उनकी मुलाकात पीड़िता सुषमा वर्मा से हुई। सुषमा के साथ अठूरवाला भानियावाला स्थित 11 गायों वाली एक डेयरी चलाने का सौदा 7 लाख 50 हजार रुपये में तय हुआ था।

आरोपियों ने 5 लाख रुपये नकद और 2.50 लाख का चेक सुषमा को दिया था। दावा किया गया था कि गायें रोजाना 150 लीटर दूध देती हैं। यह दूध भू-स्वामी पुष्पा नेगी को बेचा जाना था। हालांकि, डेयरी में दूध की पैदावार बेहद कम निकली। ठगे जाने का अहसास होने पर जब आरोपियों ने अपने 5 लाख रुपये वापस मांगे, तो सुषमा आनाकानी करने लगी।

इलाज के पैसों की तंगी और हरिद्वार से जुड़े तार

कुछ समय बाद अन्नू की तबीयत बिगड़ने पर उसे ग्राफिक एरा अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के लिए पैसों की सख्त जरूरत पड़ने पर आरोपियों ने दूध के बकाये 1.22 लाख रुपये मांगे। इस पर भू-स्वामी ने रकम सीधे सुषमा को देने की बात कही, जबकि सुषमा ने महज 10 हजार रुपये देकर बाकी रकम देने से साफ इनकार कर दिया।

ब्याज पर पैसा उठाकर डेयरी में लगाने के कारण आरोपियों पर कर्जदाताओं का भारी दबाव था। इसी मानसिक तनाव में आरोपियों ने सुषमा को डराने-धमकाने की योजना बनाई। साजिश के तहत कारगी चौक से एक काले रंग की स्विफ्ट कार किराए पर ली गई, जिसके बदले अन्नू ने अपनी स्कूटी गारंटी के तौर पर रखी।

घटना से ठीक पहले आरोपी हरिद्वार के रोशनाबाद गए और वहां से अपने तीन अन्य साथियों—आदित्य, लक्की और प्रियांशु को साथ लेकर देहरादून पहुंचे। 23 सितंबर की सुबह करीब 6:50 बजे दीपक, आदित्य और लक्की कार से नालापानी चौक पहुंचे और सुषमा को जबरन गाड़ी में बैठाने का प्रयास किया। हालांकि, महिला के शोर मचाने और स्थानीय लोगों के मौके की ओर दौड़ने पर आरोपी पकड़े जाने के डर से वाहन समेत फरार हो गए।

पुलिस ने बताया कि मामले में चार अन्य आरोपी—दीपक (निवासी ज्वालापुर, हरिद्वार), सुशांत उर्फ लक्की (निवासी देवप्रयाग, टिहरी), आदित्य वशिष्ठ (निवासी सिडकुल, हरिद्वार) और प्रियांशु (निवासी मंगलौर, हरिद्वार) फिलहाल फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें हरिद्वार और आसपास के जिलों में लगातार दबिश दे रही हैं।

The post Crime News : नालापानी चौक के पास महिला को जबरन कार में बैठाने का प्रयास, पुलिस ने युवती को सहस्रधारा रोड से किया गिरफ्तार appeared first on Devpath.

Leave a Comment