सावधान! देहरादून की सड़कों पर कैमरे रखेंगे पैनी नजर, नियम तोड़े तो सीधे घर पहुंचेगा ई-चालान

By
—
Last updated:
Follow Us
Join Our WhatsApp Channel


दून पुलिस ने जारी की नवरात्रि ट्रैफिक एडवाइजरी, पलटन बाजार में कमर्शियल गाड़ियों की नो-एंट्री

  • देहरादून में नवरात्रि शॉपिंग से पहले देख लें नया ट्रैफिक प्लान, पल्टन बाजार जाने वालों के लिए बड़े बदलाव

देहरादून। शारदीय नवरात्रि के दौरान बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए देहरादून पुलिस प्रशासन ने शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए विस्तृत मास्टर प्लान तैयार कर लिया है। आगामी 11 अक्टूबर से 19 अक्टूबर तक राजधानी के प्रमुख व्यावसायिक केंद्रों, विशेषकर पल्टन बाजार, धामावाला और राजपुर रोड क्षेत्र में विशेष रूट डायवर्जन व पार्किंग नियम प्रभावी रहेंगे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर एएनपीआर कैमरों के जरिए ऑनलाइन चालान की कार्रवाई की जाएगी।

त्योहारों की खरीदारी के दौरान पल्टन बाजार में लगने वाले लंबे जाम से निजात दिलाने के लिए पुलिस ने नो-एंट्री के कड़े नियम लागू किए हैं। दर्शनी गेट, तिलक रोड, भंडारी चौक, अंसारी मार्ग, तहसील चौक और डिसपेन्सरी रोड से पल्टन बाजार की तरफ मालवाहक वाहनों का प्रवेश सुबह 10:00 बजे से रात 21:00 बजे तक पूरी तरह बंद रहेगा। व्यापारियों को अपने सामान की लोडिंग या अनलोडिंग सुबह 10 बजे से पहले ही पूरी करनी होगी। इसके अलावा लोडिंग गाड़ियों की आवाजाही केवल वन-वे व्यवस्था के तहत राजा रोड से पीपल मंडी होते हुए दर्शनी गेट की तरफ से ही संभव होगी। स्थानीय दुकानदारों के निजी वाहनों को प्रवेश के लिए पुलिस द्वारा विशेष टोकन दिए जाएंगे। अत्यधिक भीड़ बढ़ने की स्थिति में पल्टन बाजार, धामावाला, मच्छी बाजार और पीपल मंडी को पूर्ण रूप से ‘जीरो जोन’ घोषित कर दिया जाएगा, जहां केवल पैदल यात्रियों की आवाजाही ही अनुमत होगी।

शहर के विभिन्न इलाकों से पल्टन बाजार और मुख्य बाजारों में आने वाले खरीदारों के लिए पुलिस ने विशिष्ट पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं। सहस्त्रधारा, रायपुर, राजपुर रोड, सुभाष रोड और डालनवाला क्षेत्र से आने वाले वाहन चालकों के लिए सर्वे चौक के पास काबुल हाउस, मंगला देवी इंटर कॉलेज परिसर, कनक चौक स्थित मल्टीस्टोरेज पार्किंग और घंटाघर के पास एमडीडीए कॉम्पलेक्स में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वहीं चकराता रोड, जीएमएस रोड और गढ़ी कैंट की तरफ से आने वाले वाहन बिंदाल स्थित जनपथ कॉम्पलेक्स और बुद्धा चौक के पास रेंजर्स ग्राउंड में अपनी गाड़ियां खड़ी कर सकेंगे।

इसके अलावा ईसी रोड, रिस्पना पुल, धर्मपुर, जोगीवाला और नेहरू कॉलोनी क्षेत्र से आने वालों के लिए रेंजर्स ग्राउंड, तहसील चौक के सामने खाली मैदान और राजीव गांधी कॉम्पलेक्स में स्थान तय किया गया है। सहारनपुर चौक, कांवली रोड, पटेलनगर व पथरीबाग क्षेत्र के लोग पुराना बस अड्डा (द्रोण होटल के पास), पुलिस कार्यालय (दून अस्पताल के पास) और नगर निगम कार्यालय परिसर में गाड़ियां खड़ी कर सकते हैं। पल्टन बाजार आने वाले दोपहिया वाहनों के लिए गांधी इंटर कॉलेज और सीएनआई स्कूल परिसर को पार्किंग बनाया गया है।

अन्य स्थानीय बाजारों के लिए भी व्यवस्था की गई है, जिसके तहत धर्मपुर बाजार आने वाले लोग रेसकोर्स क्षेत्र (क्षमता 100 वाहन), नेहरू कॉलोनी वाले जीएसटी ऑफिस लिंक रोड (क्षमता 30 वाहन), प्रेमनगर बाजार वाले दशहरा ग्राउंड (क्षमता 250 वाहन) और रायपुर शिव मंदिर बाजार आने वाले लोग मालदेवता रोड पार्किंग (क्षमता 100 वाहन) का उपयोग कर सकेंगे।

पब्लिक ट्रांसपोर्ट के सुचारू संचालन के लिए परेड ग्राउंड का इस्तेमाल बंद कर नए पिकअप और ड्रॉप पॉइंट्स बनाए गए हैं। राजपुर रोड जाने वाली सिटी बसें अब परेड ग्राउंड के बजाय ओरिएंट चौक से संचालित होंगी, जबकि डोईवाला और सहस्त्रधारा जाने वाली सिटी बसों का नया स्टॉप रेंजर्स ग्राउंड रहेगा। विक्रम वाहनों के रूट में भी फेरबदल किया गया है; राजपुर रोड के 1 नंबर विक्रम ग्लोब चौक और पैसिफिक तिराहे से वापस मुड़ेंगे, रायपुर के 2 नंबर विक्रम सर्वे चौक से ही लौटेंगे, और रिस्पना की तरफ से आने वाले 3 नंबर विक्रम दून चौक व एमकेपी चौक से वापस जाएंगे। 5 और 8 नंबर के विक्रम तहसील चौक तक ही आ सकेंगे।

पूरी व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए पुलिस महकमे ने 1 पुलिस उपाधीक्षक, 5 ट्रैफिक इंस्पेक्टर, 15 सब-इंस्पेक्टर, 118 पुलिस जवानों और 6 टोइंग क्रेन के साथ 10 मोबाइल टीमें वायरलेस सेट सहित तैनात की हैं।

नो-पार्किंग जोन में वाहन पार्क करने पर क्रेन द्वारा वाहन टो किया जाएगा और 1500 रुपये का जुर्माना लगेगा। शहर के 143 कैमरों से ऑनलाइन निगरानी रखी जाएगी। दून पुलिस ने शॉपिंग कॉम्प्लेक्स संचालकों को बेसमेंट पार्किंग खोलने के निर्देश दिए हैं और साथ ही ट्रैफिक संचालन में मदद के लिए आम नागरिकों से ट्रैफिक वॉलंटियर के रूप में जुड़ने की अपील की है, जिसके लिए हेल्पलाइन नंबर (7579278154 / 8958998827) जारी किए गए हैं।

The post सावधान! देहरादून की सड़कों पर कैमरे रखेंगे पैनी नजर, नियम तोड़े तो सीधे घर पहुंचेगा ई-चालान appeared first on Devbhumidarshan.

Leave a Comment