महंगे शौकों ने पहुंचाया सलाखों के पीछे, राजपुर पुलिस और ANTF ने दबोचे हाईप्रोफाइल ड्रग तस्कर
- देहरादून के शिक्षण संस्थानों में ड्रग्स सप्लाई करने वाले गैंग पर शिकंजा, 6 पैडलर पुलिस की गिरफ्त में, छात्र ही बेच रहे थे छात्रों को नशा, देहरादून में चल रहे हाईटेक ड्रग नेटवर्क की खुली पोल
देहरादून (ब्यूरो)। राजधानी देहरादून के शिक्षण संस्थानों और पॉश इलाकों में फैले हाईप्रोफाइल नशा नेटवर्क के खिलाफ दून पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने संयुक्त रूप से बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक की है।
ओल्ड मसूरी रोड और सहस्रधारा हेलीपैड के पास चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने दिल्ली के कुख्यात ‘सिद्धू गैंग’ से जुड़े छह नशा तस्करों को धर दबोचा। पकड़े गए सभी आरोपी तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रहे छात्र हैं, जो अपने महंगे लाइफस्टाइल और शौकों को पूरा करने के लिए कॉलेज परिसरों में ड्रग्स की तस्करी कर रहे थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून प्रमेंद्र सिंह डोभाल के निर्देशों पर राजपुर थाना पुलिस और ANTF की टीम 22 सितंबर की रात मसूरी रोड पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सटीक सूचना पर शहंशाह रिजॉर्ट के पास से एक इग्निस कार (UK 07 DE 4167) को रोका गया।
कार सवार चार युवकों—वेदांत चौहान (21), रचित शर्मा (21), श्रीकांत ममगाई (22) और चिराग रस्तोगी (24)—के पास से 27.12 ग्राम अवैध MDMA बरामद हुई। इसके तुरंत बाद दूसरी टीम ने सहस्रधारा हेलीपैड के पास दबिश देकर दो अन्य आरोपियों—अभिषेक थापा (21) और वैभव ममगाई (21)—को 17.49 ग्राम MDMA के साथ गिरफ्तार कर लिया। बरामद कुल 44.61 ग्राम MDMA की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 4.5 लाख रुपये आंकी गई है।
कड़ाई से की गई पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए। थानाध्यक्ष राजपुर पी.डी. भट्ट के अनुसार, पकड़े गए सभी आरोपी संपन्न परिवारों से ताल्लुक रखते हैं और देहरादून समेत अन्य राज्यों के प्रतिष्ठित संस्थानों से बीटेक व अन्य तकनीकी कोर्स कर रहे हैं। ये सभी आरोपी दिल्ली निवासी सिद्धार्थ उर्फ ‘सिद्धू’ के लिए बतौर पैडलर काम कर रहे थे।
सिद्धू या उसके एजेंट समय-समय पर दिल्ली से आकर देहरादून में MDMA की खेप पहुंचाते थे। कई बार ये छात्र खुद दिल्ली, पंजाब और उत्तर प्रदेश जाकर नशे की खेप लाते थे और उसे देहरादून के कॉलेजों और हॉस्टलों में पढ़ाई करने वाले छात्रों को महंगे दामों पर बेचते थे।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 12 पॉलिथीन पैकेट और तस्करी में इस्तेमाल इग्निस कार भी जब्त की है। सभी छह आरोपियों के खिलाफ थाना राजपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/29/60 के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
उत्तराखंड सरकार के ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ संकल्प के तहत देहरादून पुलिस अब इस नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने में जुट गई है। पुलिस की एक विशेष टीम अब दिल्ली में छिपे मुख्य सरगना सिद्धू की तलाश में जगह-जगह दबिश दे रही है, जबकि स्थानीय हॉस्टलों और कॉलेजों के आसपास भी निगरानी बढ़ा दी गई है।
The post देहरादून में दिल्ली के सिद्धू गैंग का पर्दाफाश, MDMA ड्रग्स के साथ 6 बीटेक छात्र गिरफ्तार appeared first on Devbhumidarshan.





