---Advertisement---

देहरादून के ओएसिस मॉल में सिक्योरिटी गार्ड का तांडव, जोमैटो डिलीवरी बॉय को पीटा, गिरफ्तार

By
Last updated:
Follow Us
Join Our WhatsApp Channel


शराब के नशे में धुत गार्ड ने डिलीवरी बॉय से की मारपीट, नेहरू कॉलोनी पुलिस ने किया गिरफ्तार

  • शराब पीकर हंगामा करना पड़ा महंगा: नेहरू कॉलोनी में गार्ड गिरफ्तार, BNS की धारा 170 में केस

देहरादून : राजधानी देहरादून के प्रसिद्ध ओएसिस मॉल (Oasis Mall) परिसर में सोमवार देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया जब शराब के नशे में धुत एक सुरक्षाकर्मी ने जोमैटो के डिलीवरी बॉय के साथ सरेराह बदसलूकी और मारपीट शुरू कर दी। घटना की सूचना मिलते ही जोगीवाला पुलिस चौकी की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों के सामने भी आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया और उग्र व्यवहार करता रहा, जिसके बाद पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए उसे हिरासत में ले लिया।

​प्राप्त जानकारी के अनुसार मामला 21 सितंबर की रात का है। एक जोमैटो डिलीवरी एजेंट हमेशा की तरह ग्राहकों का ऑर्डर डिलीवरी करने ओएसिस मॉल पहुंचा था। इसी दौरान मॉल में तैनात सिक्योरिटी गार्ड महेंद्र सिंह (45 वर्ष), पुत्र स्व. कुला राम, शराब के अत्यधिक नशे में वहां पहुंचा। किसी मामूली बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि नशे में धुत गार्ड ने आपा खो दिया और डिलीवरी बॉय के साथ अभद्रता करते हुए उसके साथ हाथपाई शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मॉल परिसर में अचानक हुए इस हंगामे से कुछ देर के लिए वहां आने-जाने वाले लोगों में अफरा-तफरी की स्थिति पैदा हो गई। परिसर में मौजूद अन्य दुकानदारों और सुरक्षाकर्मियों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी लगातार आक्रामक बना रहा।

स्थानीय लोगों द्वारा सूचना मिलते ही नेहरू कॉलोनी थाने के तहत आने वाली जोगीवाला चौकी से पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर आरोपी गार्ड को शांत करने और विवाद सुलझाने का प्रयास किया। हालांकि, खाकी को सामने देखकर भी आरोपी का पारा ठंडा नहीं हुआ। उसने पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में ही डिलीवरी बॉय पर दोबारा हमला करने का प्रयास किया।

​कानून-व्यवस्था के बिगड़ते हालात को देखते हुए पुलिस टीम ने बिना देर किए आरोपी गार्ड को मौके से दबोच लिया। नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस के अनुसार आरोपी महेंद्र सिंह निवासी डी-22, सेक्टर-3, डिफेंस कॉलोनी का रहने वाला है। उसे भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 170 (संज्ञेय अपराध होने से रोकने के लिए निवारक गिरफ्तारी) के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

देहरादून पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थलों पर शराब पीकर उत्पाद मचाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) देहरादून प्रमेंद्र सिंह डोभाल की ओर से सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि सार्वजनिक स्थानों, मॉल, बाजारों और शराब की दुकानों के आसपास शांति भंग करने वालों पर कठोरतम कार्रवाई की जाए। हरिद्वार रोड स्थित ओएसिस मॉल देहरादून के प्रमुख व्यावसायिक केंद्रों में से एक है, जहां रोजाना युवाओं और परिवारों की भारी आवाजाही रहती है। ऐसे प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा में लगे कर्मियों द्वारा ही इस प्रकार की घटना को अंजाम देना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई पूरी कर रही है।

The post देहरादून के ओएसिस मॉल में सिक्योरिटी गार्ड का तांडव, जोमैटो डिलीवरी बॉय को पीटा, गिरफ्तार appeared first on Devbhumidarshan.

Leave a Comment