---Advertisement---

पोर्टल और वेब मीडिया की विज्ञापन दरों पर होगा पुनर्विचार : सूचना महानिदेशक

By
Last updated:
Follow Us
Join Our WhatsApp Channel


पत्रकार हितों को लेकर सरकार गंभीर, किसी भी स्तर पर नहीं होने दिया जाएगा अहित : बंशीधर तिवारी

उत्तराखंड में डिजिटल मीडिया की विज्ञापन दरों पर घमासान, सूचना महानिदेशक से मिला पत्रकारों का प्रतिनिधिमंडल

देहरादून (ब्यूरो)। डिजिटल मीडिया संस्थानों को आर्थिक रूप से संबल प्रदान करने और उनकी बढ़ती संचालन लागत को देखते हुए उत्तराखंड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन ने मोर्चा खोल दिया है। यूनियन के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी से मुलाकात कर सूचीबद्ध न्यूज पोर्टल और वेबसाइटों की विज्ञापन दरों में सम्मानजनक बढ़ोतरी की मांग रखी।

यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष अरुण शर्मा की अगुवाई में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने सूचना महानिदेशक को एक औपचारिक पत्र सौंपा। इसमें विभाग द्वारा सूचीबद्ध न्यूज पोर्टलों और वेबसाइटों के बैनर तथा वीडियो एड फिल्मों की वर्तमान दरों पर तुरंत पुनर्विचार करने का अनुरोध किया गया है।

यूनियन ने विभाग के समक्ष आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि वर्तमान समय में प्रति बैनर या वीडियो फिल्म एड के लिए लगभग 1,200 रुपये प्रतिमाह की दर तय है, जबकि कुल मिलाकर यह राशि मात्र 7,200 रुपये प्रतिमाह बैठती है।

पत्रकारों ने कहा कि आज के दौर में सर्वर कॉस्ट, डोमेन, टेक्निकल मेंटेनेंस, रिपोर्टिंग स्टाफ, कैमरा सेटअप, वीडियो एडिटिंग और वेबसाइट मैनेजमेंट का खर्च काफी बढ़ चुका है। ऐसे में सालों पुरानी और सीमित विज्ञापन दरों पर गुणवत्तापूर्ण डिजिटल मीडिया का संचालन व्यावहारिक नहीं रह गया है।

उत्तराखंड सरकार द्वारा लागू डिजिटल मीडिया और इन्फ्लुएंसर नीति के तहत विभिन्न श्रेणियों में विज्ञापनों का आवंटन किया जा रहा है, लेकिन वास्तविक धरातल पर काम कर रहे समाचार पोर्टलों को बढ़ते तकनीकी खर्चों के कारण अस्तित्व बचाना मुश्किल हो रहा है।

अरुण शर्मा ने जोर देकर कहा कि डिजिटल मीडिया आज केवल व्यवसाय नहीं, बल्कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को दूर-दराज के क्षेत्रों और प्रवासी उत्तराखंडियों तक पहुंचाने का सबसे मजबूत सेतु है। यदि सूचीबद्ध पोर्टलों को प्रतिमाह एक तय और सम्मानजनक विज्ञापन राशि मिलेगी, तभी राज्य में स्वतंत्र, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण पत्रकारिता का आधार मजबूत हो सकेगा।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि सरकार और सूचना विभाग पत्रकारों के हितों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि डिजिटल मीडिया की महत्ता और उसकी व्यावहारिक चुनौतियों को विभाग अच्छी तरह समझता है।

बंशीधर तिवारी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि यूनियन द्वारा रखी गई विज्ञापन दरों में संशोधन की मांग का विभागीय स्तर पर नियमानुसार परीक्षण कराया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पत्रकारों या मीडिया संस्थानों के हितों का किसी भी स्तर पर अहित नहीं होने दिया जाएगा और सकारात्मक कदम उठाए जाएंगे।

The post पोर्टल और वेब मीडिया की विज्ञापन दरों पर होगा पुनर्विचार : सूचना महानिदेशक appeared first on Devbhumidarshan.

Related News

Leave a Comment