---Advertisement---

रिया थापा को न्याय दिलाने की मांग पहुंची मोथरोवाला, क्षेत्र के लोगो ने निकाला कैंडल मार्च

By
On:
Follow Us
Join Our WhatsApp Channel


देहरादून। देहरादून की 23 वर्षीय बेटी रिया थापा को न्याय दिलाने की मांग को लेकर आज मोथरोवाला स्थित एसजीआरआर इंटर कॉलेज के समीप कांग्रेस के राष्ट्रीय संचार सचिव वैभव वालिया के नेतृत्व में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी एकजुट हुए। सभी ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर रिया थापा को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई और परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांग उठाई।

इस अवसर पर वैभव वालिया ने कहा कि रिया थापा, जिसने राजा राममोहन राय स्कूल से 97 प्रतिशत अंकों के साथ परीक्षा उत्तीर्ण की थी, नीट परीक्षा की तैयारी कर रही थी। उन्होंने कहा कि रिया को अपने अच्छे प्रदर्शन के आधार पर चयन की पूरी उम्मीद थी, लेकिन पेपर लीक की घटना के बाद वह गहरे मानसिक तनाव में आ गई। री-एग्जाम से पहले वह इस मानसिक दबाव को सहन नहीं कर सकी और उसने आत्महत्या जैसा दुखद कदम उठा लिया। मात्र 23 वर्ष की आयु में उसका इस दुनिया से चले जाना पूरे प्रदेश के लिए अत्यंत पीड़ादायक है।

वैभव वालिया ने कहा कि देशभर में नीट पेपर लीक प्रकरण के बाद 20 से अधिक अभ्यर्थियों द्वारा आत्महत्या किए जाने की खबरें सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि इन दुखद घटनाओं की नैतिक जिम्मेदारी उस शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा प्रणाली की है, जो निष्पक्ष एवं सुरक्षित परीक्षाएं कराने में विफल रही। उन्होंने कहा कि यह केवल व्यक्तिगत त्रासदी नहीं, बल्कि व्यवस्था की असफलता का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि रिया थापा की मृत्यु ने पूरे समाज को झकझोर दिया है और अब समय आ गया है कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार किए जाएं तथा जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों से इस लड़ाई में एकजुट होकर रिया थापा को न्याय दिलाने की अपील की।

कार्यक्रम में इंदु सिंह, अनिता, मंकला थापा, विकास नेगी, स्वाति नेगी, हरजोत, आशीष सक्सेना, अजय रावत, आयुष सेमवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर रिया थापा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

The post रिया थापा को न्याय दिलाने की मांग पहुंची मोथरोवाला, क्षेत्र के लोगो ने निकाला कैंडल मार्च appeared first on Devbhumidarshan.

Related News

Leave a Comment