देहरादून की सड़कों पर जाम छलकाना पड़ा भारी, एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने रातों-रात सिखाया सबक
गाड़ियों को मयखाना समझने वाले सावधान, दून पुलिस के ‘ऑपरेशन प्रहार’ ने बदल दी हवा
देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी में सार्वजनिक स्थानों को मयखाना बनाने और गाड़ियों में बैठकर जाम छलकाने वाले हुड़दंगियों के खिलाफ दून पुलिस ने सर्जिकल स्ट्राइक शुरू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) प्रमेंद्र डोभाल के सख्त निर्देशों के बाद पुलिस टीम ने सड़कों पर उतरकर ताबड़तोड़ चेकिंग अभियान चलाया। इस विशेष कार्रवाई के दौरान पुलिस ने खुलेआम नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले 41 लोगों को मौके से हिरासत में ले लिया।
यह पूरी कार्रवाई राजधानी के व्यस्ततम इलाकों में शुमार पटेलनगर क्षेत्र में अंजाम दी गई। पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ लोग सड़क किनारे, सार्वजनिक स्थलों और अपनी गाड़ियों को ही शराब का अड्डा बना रहे हैं। इसके बाद एक्टिव हुई पटेलनगर पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर इन सभी आरोपियों को रंगे हाथों दबोच लिया।
पकड़े गए सभी 41 हुड़दंगियों को पुलिस तुरंत थाने लेकर आई, जहां उनके खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की गई। पुलिस ने सभी आरोपियों के चालान काटने के साथ ही उन्हें भविष्य के लिए सख्त चेतावनी भी दी। पुलिस अधिकारियों का साफ कहना है कि अगर ये लोग दोबारा सार्वजनिक स्थानों पर उत्पाद मचाते पाए गए, तो इनके खिलाफ और भी ज्यादा संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जाएगा।
यह बड़ी कार्रवाई उत्तराखंड पुलिस के राज्यव्यापी ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत की गई है। इस अभियान की शुरुआत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रदेश को अपराध और नशे से मुक्त बनाने के लिए की गई है। डीजीपी दीपम सेठ के स्तर से इस अभियान की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है, जिसके तहत अब तक पूरे राज्य में हजारों अपराधियों और हुड़दंगियों पर शिकंजा कसा जा चुका है।
दून पुलिस ने साफ कर दिया है कि देवभूमि की मर्यादा को ठेस पहुंचाने वाले और सड़कों पर माहौल खराब करने वाले तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। सार्वजनिक स्थानों को शराब का अड्डा बनाने वालों के खिलाफ पुलिस का यह ‘ऑपरेशन प्रहार’ आने वाले दिनों में और भी ज्यादा आक्रामक अंदाज में जारी रहेगा।
The post देहरादून: खुली सड़क और गाड़ियों में शराब पीने वालों को दून पुलिस की सख्त हिदायत, दोबारा दिखे तो खैर नहीं appeared first on Devbhumidarshan.





