---Advertisement---

देहरादून राजपुर रोड पर कार से स्टंटबाजी पड़ी भारी, SSP की सख्ती के बाद 6 हुड़दंगी दबोचे गए

By
On:
Follow Us
Join Our WhatsApp Channel


सोशल मीडिया पर रील बनाना पड़ा महंगा, दून पुलिस ने सीज की दो कारें, युवक हिरासत में

सड़कों पर खतरनाक ड्राइविंग करने वालों को SSP देहरादून की दो टूक, हवालात पहुंचे 6 रईसजादे

देहरादून (ब्यूरो)। उत्तराखंड की राजधानी की सड़कों पर कानून व्यवस्था को ठेंगे पर रखकर हुड़दंग मचाने वाले रईसजादों के खिलाफ पुलिस ने कड़ा एक्शन लिया है। राजपुर रोड पर गाड़ियों से खतरनाक स्टंट करने और राहगीरों की जान जोखिम में डालने वाले छह युवकों को पुलिस ने दबोच लिया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के तुरंत बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) देहरादून प्रमेंद्र डोभाल ने मामले का संज्ञान लिया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए।

डालनवाला कोतवाली पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए वीडियो में नजर आ रही दोनों लग्जरी कारों को मोटर वाहन अधिनियम (MV Act) के तहत सीज कर दिया है। इसके साथ ही गाड़ियों में सवार सभी छह हुड़दंगियों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया, जहां उनके खिलाफ पुलिस एक्ट में चालान किया गया है।

दरअसल, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था, जिसमें राजपुर रोड जैसे व्यस्त इलाके में दो कारें लापरवाही और बेहद खतरनाक तरीके से दौड़ाई जा रही थीं। कार संख्या UK07HJ-3133 और UK07FD-8178 में सवार कुछ अज्ञात युवक खिड़कियों से बाहर निकलकर ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ा रहे थे। सोशल मीडिया पर जैसे ही यह मामला एसएसपी के सामने आया, उन्होंने प्रभारी निरीक्षक डालनवाला को तुरंत हुड़दंगियों को तलाश कर सलाखों के पीछे भेजने का आदेश जारी कर दिया।

एसएसपी देहरादून के सख्त रुख के बाद डालनवाला पुलिस ने सर्विलांस और स्थानीय इनपुट की मदद से दोनों गाड़ियों का पता लगाया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों कारों के चालकों समेत कुल छह युवकों को हिरासत में ले लिया। थाने लाकर सभी आरोपियों को भविष्य में ऐसी हरकत दोबारा न करने की सख्त हिदायत दी गई। पुलिस ने साफ किया है कि सड़कों को रील्स या स्टंट का अखाड़ा बनाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

दून पुलिस ने इस कार्रवाई के बाद आम जनता और युवाओं से विशेष अपील जारी की है। पुलिस प्रशासन ने कहा है कि सभी नागरिक सार्वजनिक स्थानों पर कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करें। सड़कों पर ऐसी किसी भी गतिविधि का हिस्सा न बनें जिससे जनसुरक्षा खतरे में पड़े या शांति व्यवस्था प्रभावित हो, अन्यथा जेल की हवा खानी पड़ सकती है।

The post देहरादून राजपुर रोड पर कार से स्टंटबाजी पड़ी भारी, SSP की सख्ती के बाद 6 हुड़दंगी दबोचे गए appeared first on Devbhumidarshan.

Related News

Leave a Comment