---Advertisement---

देहरादून : 50 बीघा में काटी जा रही अवैध कॉलोनी पर एमडीडीए का बुलडोजर

By
Last updated:
Follow Us
Join Our WhatsApp Channel


सहसपुर के कल्याणपुर में बड़ी कार्रवाई, सीसी सड़क और प्लॉट चिन्हीकरण ध्वस्त

देहरादून। राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में अवैध निर्माण तथा अवैध प्लाटिंग के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने गुरुवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सहसपुर क्षेत्र के कल्याणपुर में लगभग 50 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया। एमडीडीए लंबे समय से अवैध निर्माणों और बिना स्वीकृति विकसित की जा रही कॉलोनियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है।

इसी क्रम में प्राधिकरण को सूचना मिली थी कि नया हाईवे, कल्याणपुर, सहसपुर क्षेत्र में भू-स्वामी जैद रफी द्वारा लगभग 50 बीघा भूमि पर बड़े स्तर पर अवैध प्लाटिंग की जा रही है। यहां प्लॉटों का चिन्हीकरण करने के साथ-साथ सीसी सड़क का निर्माण भी कराया गया था, जबकि इसके लिए प्राधिकरण से किसी प्रकार की स्वीकृति प्राप्त नहीं की गई थी।

जांच में मिली अनियमितताएं

प्राधिकरण की टीम द्वारा मौके का निरीक्षण किए जाने पर पाया गया कि संबंधित भूमि पर आवासीय कॉलोनी विकसित करने की तैयारी की जा रही थी। प्लॉटों का सीमांकन किया जा चुका था तथा आंतरिक संपर्क मार्ग के रूप में सीसी सड़क भी डाली गई थी। यह पूरा कार्य विकास प्राधिकरण की अनुमति के बिना किया जा रहा था, जो उत्तराखण्ड (उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम, 1973) संशोधन अधिनियम 2009 के प्रावधानों का उल्लंघन है।

प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए एमडीडीए द्वारा संबंधित भू-स्वामी के विरुद्ध वाद योजित किया गया। निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद गुरुवार को प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम, पुलिस बल तथा संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में अवैध रूप से विकसित किए गए निर्माण कार्यों और प्लाटिंग संबंधी संरचनाओं को ध्वस्त कर दिया गया।

अवैध कॉलोनियों पर लगातार सख्ती

एमडीडीए द्वारा पिछले कुछ समय से अवैध निर्माण, अवैध व्यावसायिक गतिविधियों और बिना स्वीकृति विकसित की जा रही कॉलोनियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। प्राधिकरण का मानना है कि अनियोजित विकास न केवल शहर की आधारभूत संरचनाओं पर दबाव बढ़ाता है, बल्कि भविष्य में नागरिक सुविधाओं और यातायात व्यवस्था के लिए भी गंभीर चुनौतियां उत्पन्न करता है।

निवेशकों को भी सतर्क रहने की सलाह

एमडीडीए ने आम नागरिकों और निवेशकों से अपील की है कि किसी भी भूखंड या कॉलोनी में निवेश करने से पहले उसकी वैधता की जांच अवश्य कर लें। बिना स्वीकृति विकसित की गई कॉलोनियों में निवेश करने पर भविष्य में कानूनी और प्रशासनिक समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।

उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी का बयान

एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण और अवैध प्लाटिंग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकार की मंशा के अनुरूप सुनियोजित और नियमानुसार विकास सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है। कल्याणपुर में की गई कार्रवाई इसी दिशा में एक सख्त संदेश है कि नियमों को ताक पर रखकर कॉलोनियां विकसित करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

हमने सभी प्रवर्तन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि विकास क्षेत्र में नियमित निगरानी रखी जाए और जहां भी अवैध गतिविधियां दिखाई दें, वहां तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए। आम जनता से भी अनुरोध है कि किसी भी भूखंड या कॉलोनी में निवेश करने से पहले उसकी वैधानिक स्थिति की जांच अवश्य कर लें।

एमडीडीए पारदर्शी, सुरक्षित और सुनियोजित शहरी विकास के लिए प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

सचिव मोहन सिंह बर्निया का बयान

एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग और निर्माण कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है। देहरादून और आसपास के विकास क्षेत्रों में ऐसे मामलों की नियमित निगरानी की जा रही है। जहां भी बिना अनुमति निर्माण या प्लाटिंग पाए जाने की सूचना मिल रही है, वहां तत्काल जांच और कार्रवाई की जा रही है।

कल्याणपुर में बिना स्वीकृति विकसित की जा रही कॉलोनी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई है। भविष्य में भी ऐसे मामलों में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। आम नागरिकों से अनुरोध है कि किसी भी संपत्ति में निवेश से पहले उसकी स्वीकृति संबंधी जानकारी एमडीडीए से अवश्य प्राप्त करें।

The post देहरादून : 50 बीघा में काटी जा रही अवैध कॉलोनी पर एमडीडीए का बुलडोजर appeared first on Devbhumidarshan.

Related News

Leave a Comment