---Advertisement---

उत्तराखंड : ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर पलटी यात्रियों से भरी बस, मची चीख-पुकार

By
On:
Follow Us
Join Our WhatsApp Channel


बदरीनाथ धाम के दर्शन कर लौट रहे यात्रियों के साथ हादसा, शिवपुरी में अनियंत्रित होकर पलटी बस

ऋषिकेश : बदरीनाथ-ऋषिकेश नेशनल हाईवे पर रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जहां तीर्थयात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर सड़क के बीचों-बीच पलट गई। मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के शिवपुरी के पास हुए इस हादसे में 7 श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें आनन-फानन में उपचार के लिए ऋषिकेश के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस कंट्रोल रूम को रविवार, 10 मई की शाम करीब 4 बजे शिवपुरी में बस पलटने की सूचना मिली। जानकारी मिलते ही शिवपुरी चौकी प्रभारी विनोद कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटना स्थल पर बस पूरी तरह सड़क पर पलटी हुई थी और अंदर फंसे यात्री जान बचाने के लिए मदद की गुहार लगा रहे थे।

पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद बस की खिड़कियां और दरवाजे खोलकर सभी यात्रियों को बाहर निकाला। इस दौरान बस में सवार कुल 32 यात्रियों में से 7 लोग चोटिल पाए गए। 108 आपातकालीन एंबुलेंस सेवा के जरिए सभी घायलों को तुरंत ऋषिकेश के सरकारी अस्पताल भेजा गया।

मुनिकीरेती कोतवाल प्रदीप चौहान ने बताया कि बस में सवार सभी 32 यात्री उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के रहने वाले हैं। जो तीर्थयात्री सुरक्षित बचे थे, उन्हें पुलिस ने प्रशासन की मदद से दूसरे वाहन का इंतजाम कर उनके गंतव्य की ओर रवाना कर दिया है। अस्पताल में उपचाराधीन मरीजों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

जांच में सामने आया है कि मोड़ पर बस का संतुलन बिगड़ने की वजह से यह हादसा हुआ। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारू कराया और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। बदरीनाथ हाईवे पर यात्रा सीजन के चलते भारी दबाव है, ऐसे में पुलिस लगातार चालकों को सावधानी बरतने की हिदायत दे रही है।

हादसे में घायल हुए यात्रियों की सूची:

सोनम गुप्ता (28 वर्ष)

मुन्नी देवी (56 वर्ष)

चंद्रप्रकाश गुप्ता (62 वर्ष)

संजय चौरसिया (59 वर्ष)

सीता देवी (38 वर्ष)

शबनम (32 वर्ष)

मनीष गिरि (44 वर्ष)

 

The post उत्तराखंड : ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर पलटी यात्रियों से भरी बस, मची चीख-पुकार appeared first on Devbhumidarshan.

Leave a Comment