---Advertisement---

सावधान! देहरादून की सड़कों पर पुलिस का सख्त पहरा, ड्रंक एंड ड्राइव में 38 गाड़ियां सीज

By
Last updated:
Follow Us
Join Our WhatsApp Channel


देहरादून में आधी रात ‘ऑपरेशन नाईट स्ट्राइक’: क्लब और रेस्टोरेंट पर छापा, 35 शराबी ड्राइवर पहुंचे हवालात

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘ऑपरेशन प्रहार’ विजन को धरातल पर उतारने के लिए देहरादून पुलिस ने शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात भारी तादाद में फोर्स के साथ सड़कों पर ‘ऑपरेशन नाईट स्ट्राइक’ अंजाम दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून प्रमेंद्र सिंह डोभाल के नेतृत्व में जिले के सभी क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों ने अपनी टीमों के साथ शहर के चप्पे-चप्पे पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस छापेमारी के दौरान पुलिस ने न केवल यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों को पकड़ा, बल्कि निर्धारित समय के बाद भी खुले रहने वाले नामचीन पब और रेस्टोरेंट्स पर भी कानूनी शिकंजा कसा है।

नगर क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में जब पुलिस टीम ने रात के सन्नाटे में पब और बार की चेकिंग शुरू की, तो नियमों की जमकर अनदेखी मिली।

कोतवाली क्षेत्र स्थित ‘बैठक रेस्टोरेंट’ और डालनवाला इलाके के ‘Dynasty क्लब 90 बार’ में समय सीमा समाप्त होने के बावजूद व्यापारिक गतिविधियां संचालित हो रही थीं। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इन प्रतिष्ठानों को बंद कराया और संचालकों समेत वहां मौजूद स्टाफ को हिरासत में लेकर थाने ले आई। पुलिस एक्ट के तहत इन दोनों ही प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त चालानी कार्यवाही की गई है और भविष्य के लिए अंतिम चेतावनी जारी की गई है।

सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस का रुख बेहद कड़ा रहा, जहां शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले 35 लोगों को मौके पर ही गिरफ्तार कर हवालात की सैर कराई गई। पुलिस की इस दबिश में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 38 वाहनों को तुरंत सीज कर दिया गया। चेकिंग के दौरान एमवी एक्ट के तहत 91 चालान काटकर 68,250 रुपये का जुर्माना मौके पर वसूला गया, जबकि 40 गंभीर मामलों में वाहन चालकों के कोर्ट चालान किए गए।

रात के अंधेरे में संदिग्ध गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने 600 से अधिक व्यक्तियों को रोककर उनसे कड़ी पूछताछ की और उनके दस्तावेजों का मौके पर ही सत्यापन किया। इस दौरान संतोषजनक जवाब न देने वाले 75 संदिग्धों के विरुद्ध पुलिस एक्ट की धारा 81 में कार्रवाई कर 18,750 रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा, 18 ऐसे व्यक्तियों को धारा 172 BNSS के तहत हिरासत में लेकर संबंधित थानों में पूछताछ के लिए लाया गया है, जिनकी हरकतें संदिग्ध प्रतीत हो रही थीं।

देहरादून पुलिस की यह कार्रवाई केवल एक रात की कवायद नहीं है, बल्कि ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत अपराधियों और नशे के सौदागरों के बीच खौफ पैदा करने की एक निरंतर प्रक्रिया है।

एसएसपी ने साफ कर दिया है कि जिले में हुड़दंग करने वालों और कानून को ठेंगे पर रखने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ ऐसी ‘नाईट स्ट्राइक’ आने वाले दिनों में और भी आक्रामक तरीके से जारी रहेगी। शहर की कानून व्यवस्था और सुरक्षा मानकों से समझौता करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

The post सावधान! देहरादून की सड़कों पर पुलिस का सख्त पहरा, ड्रंक एंड ड्राइव में 38 गाड़ियां सीज appeared first on Devbhumidarshan.

Related News

Leave a Comment