श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खबर : 23 मई से शुरू होगी हेमकुंड साहिब की पावन यात्रा, तैयारियां तेज
देहरादून (ब्यूरो)। हिमालय की गोद में स्थित सिखों के पवित्र तीर्थस्थल श्री हेमकुंट साहिब की यात्रा का बिगुल बज चुका है। साल 2026 की इस पावन यात्रा के कपाट 23 मई को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और गुरुद्वारा श्री हेमकुंट साहिब प्रबंधन ट्रस्ट के बीच हुई उच्च स्तरीय बैठक में यात्रा की औपचारिक रूपरेखा तय कर ली गई है।
मुख्यमंत्री आवास पर रविवार को हुई इस शिष्टाचार भेंट में ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने मुख्यमंत्री को यात्रा की तैयारियों की विस्तृत रिपोर्ट सौंपी। बिंद्रा ने आधिकारिक तौर पर सीएम धामी को 20 मई 2026 को ऋषिकेश से रवाना होने वाले यात्रा के पहले जत्थे के विदाई समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का निमंत्रण दिया है।
परंपरा के अनुसार, इस पहले जत्थे की अगुवाई पंज प्यारे करेंगे। मुख्यमंत्री धामी ने ट्रस्ट को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार तीर्थयात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को लेकर कोई कसर नहीं छोड़ेगी। शासन के स्तर पर पैदल रास्तों के सुधार और अन्य नागरिक सुविधाओं की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।
इस बार की यात्रा इसलिए भी खास है क्योंकि केंद्र सरकार ने हाल ही में गोविंदघाट से हेमकुंड साहिब तक 12.4 किलोमीटर लंबे रोपवे प्रोजेक्ट को ₹2,730.13 करोड़ की मंजूरी दी है। हालांकि वर्तमान में श्रद्धालुओं को पैदल या खच्चर से ही सफर करना होगा, लेकिन सरकार इस प्रोजेक्ट के जरिए भविष्य में यात्रा को ‘ऑल वेदर’ कनेक्टिविटी से जोड़ने की दिशा में तेजी से बढ़ रही है।
प्रबंधन ट्रस्ट के मुताबिक, 23 मई को सुबह विशेष अरदास के साथ कपाट खोले जाएंगे। इसके बाद लाखों श्रद्धालु गुरु गोबिंद सिंह जी की पावन तपोभूमि के दर्शन कर सकेंगे। फिलहाल भारतीय सेना के जवान रास्तों से बर्फ हटाने के काम में जुटे हैं, ताकि 20 मई को ऋषिकेश से निकलने वाला जत्था सुरक्षित तरीके से धाम तक पहुंच सके।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि उत्तराखंड आने वाले हर श्रद्धालु का स्वागत भव्यता और पूरी श्रद्धा के साथ किया जाएगा। यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य शिविरों और रुकने की व्यवस्थाओं को लेकर जिला प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखा गया है। 23 मई से शुरू होने वाला यह सिलसिला अक्टूबर के पहले हफ्ते तक चलने की उम्मीद है, बशर्ते मौसम का मिजाज साथ दे।
The post उत्तराखंड : हेमकुंड साहिब यात्रा की तारीखों का ऐलान, जानें कब रवाना होगा पहला जत्था appeared first on Devbhumidarshan.





