सावधान! घरेलू सिलेंडर से कमर्शियल में गैस भरने वाला गिरोह दबोचा, प्रेमनगर में FIR
डीएम सविन बंसल की सख्ती : सुधोवाला में गैस चोरी पकड़ने पहुंची क्यूआरटी, मुकदमा दर्ज
देहरादून में एलपीजी कालाबाजारी पर बड़ा एक्शन : अवैध रिफिलिंग सेंटर पर छापेमारी, सामान जब्त
देहरादून (ब्यूरो)। राजधानी में एलपीजी गैस की कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग के फलते-फूलते काले कारोबार को ध्वस्त करने के लिए जिला प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है। जिलाधिकारी सविन बंसल के सीधे आदेश पर गठित क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) ने सुधोवाला क्षेत्र में छापा मारकर एक बड़े अवैध नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है।
प्रशासन को लंबे समय से मुखबिर के जरिए सूचना मिल रही थी कि सुधोवाला चौक से मांडूवाला मार्ग पर स्थित आनंदी हाउस के पास एक मकान के भीतर खतरनाक तरीके से गैस रिफिलिंग का धंधा चल रहा है। टीम ने बिना वक्त गंवाए शनिवार को मौके पर रेड डाली। छापेमारी के दौरान शिवम पुत्र मुकेश नाम का युवक रंगे हाथों पकड़ा गया, जो घरेलू सिलेंडरों से छोटे या कमर्शियल सिलेंडरों में गैस भर रहा था।
मौके से पुलिस और क्यूआरटी ने भारी मात्रा में अवैध उपकरण और स्टॉक बरामद किया है। जब्त सामान में 19 किलोग्राम के 2 कमर्शियल सिलेंडर, 14 किलोग्राम के 4 घरेलू सिलेंडर, एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा, एक हैंगिंग वेटिंग मशीन और गैस ट्रांसफर करने वाली बांसुरी (रिफिलिंग उपकरण) शामिल है। प्रशासन की इस कार्रवाई से इलाके के अवैध धंधेबाजों में हड़कंप मच गया है।
पकड़े गए आरोपी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 और एलपीजी (रेगुलेशन ऑफ सप्लाई एंड डिस्ट्रीब्यूशन) ऑर्डर के उल्लंघन के तहत थाना प्रेमनगर में मुकदमा दर्ज करा दिया गया है।
जिलाधिकारी ने सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि जनता के हक की गैस पर डाका डालने वालों और सुरक्षा मानकों को ताक पर रखकर अवैध रिफिलिंग करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। महत्वपूर्ण बात यह है कि प्रशासन केवल छापेमारी ही नहीं कर रहा, बल्कि सप्लाई चेन को दुरुस्त करने के लिए डेटा पर भी नजर रखे हुए है।
कंट्रोल रूम में तैनात जिला खाद्य पूर्ति विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, आज जिले में 13,913 घरेलू उपभोक्ताओं और 1,005 कमर्शियल ग्राहकों को सिलेंडर डिलीवर किए गए। वर्तमान में प्रशासन के पास 25,861 घरेलू और 4,313 व्यवसायिक सिलेंडरों का पर्याप्त बफर स्टॉक मौजूद है।
आम जनता की सहूलियत के लिए प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। अगर आपको गैस आपूर्ति में समस्या हो रही है या कहीं कालाबाजारी दिख रही है, तो आप 1077, 0135-2626066, 0135-2726066 या व्हाट्सएप नंबर 7534826066 पर सीधे शिकायत कर सकते हैं। आज भी इन नंबरों पर 09 शिकायतें मिली हैं, जिन पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है।
The post देहरादून : गैस सप्लाई में हो रही देरी? इन हेल्पलाइन नंबरों पर करें शिकायत, प्रशासन ने शुरू की निगरानी appeared first on Devbhumidarshan.





