---Advertisement---

PM मोदी के स्वागत के लिए तैयार दून, सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों के लिए जारी हुआ ‘नो मोबाइल’ आदेश

By
Last updated:
Follow Us
Join Our WhatsApp Channel


देहरादून में PM मोदी का मेगा रोड शो : चप्पे-चप्पे पर पहरा, आसमान में ड्रोन उड़ाया तो खैर नहीं

दिल्ली-दून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन और 14 किमी लंबा रोड शो, सुरक्षा ऐसी कि परिंदा भी पर न मार सके

देहरादून (ब्यूरो)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 14 अप्रैल को प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर राजधानी में सुरक्षा का अभेद्य किला तैयार कर लिया गया है। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के ऐतिहासिक लोकार्पण और उसके बाद शहर में होने वाले करीब 14 किलोमीटर लंबे मेगा रोड शो के लिए पुलिस महकमे ने पूरी ताकत झोंक दी है।

रविवार को एडीजी (अपराध एवं कानून व्यवस्था) वी. मुरुगेशन ने पुलिस लाइन में हजारों की संख्या में तैनात सुरक्षाकर्मियों को दो-टूक निर्देश दिए। स्पष्ट किया गया है कि सुरक्षा में किसी भी स्तर पर चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल प्रतिबंधित रहेगा।

सुरक्षा के लिहाज से पूरे कार्यक्रम क्षेत्र को 02 सुपर जोन, 06 जोन, 12 सेक्टर और 54 सब-सेक्टर में बांट दिया गया है। 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री सबसे पहले सिद्धपीठ मां डाट काली मंदिर में माथा टेकेंगे और फिर गणेशपुर में एक्सप्रेसवे का उद्घाटन कर सड़क मार्ग से देहरादून पहुंचेंगे।

इस दौरान पूरे रूट और कार्यक्रम स्थल के आसपास ड्रोन के संचालन पर पूरी तरह पाबंदी लगा दी गई है। किसी भी निजी ड्रोन को उड़ाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ब्रीफिंग में एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र सिंह डोभाल ने साफ किया कि सभी पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी से 3 घंटे पहले तैनात हो जाएंगे।

रोड शो के रूट पर पड़ने वाली सभी हाईराइज बिल्डिंग्स, पानी की टंकियों और फ्लाईओवरों की डॉग स्क्वॉड और बीडीएस (BDS) टीम ने सघन जांच शुरू कर दी है। इन ऊंची इमारतों में रहने वाले लोगों का शत-प्रतिशत सत्यापन किया जा रहा है ताकि किसी भी तरह के खतरे की गुंजाइश न रहे।

महेंद्र ग्राउंड (जसवंत ग्राउंड) में होने वाली विशाल जनसभा के लिए एंट्री पॉइंट्स पर डीएफएमडी (DFMD) और एचएचएमडी (HHMD) लगाए गए हैं। बिना पहचान पत्र और गहन तलाशी के किसी को भी भीतर जाने की अनुमति नहीं मिलेगी।

पुलिस महानिरीक्षक (गढ़वाल रेंज) राजीव स्वरूप ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों और मानव श्रृंखला में शामिल होने वाले प्रत्येक व्यक्ति का सत्यापन अनिवार्य है। सादे कपड़ों में भी भारी पुलिस बल तैनात रहेगा जो भीड़ के बीच संदिग्धों पर पैनी नजर रखेगा।

शहर के होटलों, धर्मशालाओं, बस अड्डों और रेलवे स्टेशन पर चेकिंग अभियान तेज कर दिया गया है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि कार्यक्रम समाप्ति के बाद भीड़ के अति उत्साह में भगदड़ जैसी स्थिति न बने, इसके लिए लाउड हेलरों के जरिए लगातार संवाद किया जाएगा।

इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री करीब 1000 मेगावाट के टिहरी पंप स्टोरेज प्लांट और पंतनगर एयरपोर्ट विस्तार जैसी बड़ी परियोजनाओं की सौगात भी दे सकते हैं। ट्रैफिक अव्यवस्था से बचने के लिए पार्किंग के लिए अलग से स्थान चिह्नित किए गए हैं और मुख्य मार्ग पर वाहनों की पार्किंग सख्त वर्जित रहेगी।

The post PM मोदी के स्वागत के लिए तैयार दून, सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों के लिए जारी हुआ ‘नो मोबाइल’ आदेश appeared first on Devbhumidarshan.

Related News

Leave a Comment