---Advertisement---

डीएम की चेतावनी : सिलेंडर की कालाबाजारी की तो खैर नहीं, मुकदमा होगा दर्ज

By
Last updated:
Follow Us
Join Our WhatsApp Channel


आदेशों की नाफरमानी पर बरपा डीएम का कहर : हीरा गैस एजेंसी के सिलेंडर जब्त, मालिक पर मुकदमा दर्ज

देहरादून। राजधानी में एलपीजी गैस की किल्लत और होम डिलीवरी के आदेशों की धज्जियां उड़ाने वाली गैस एजेंसियों के खिलाफ जिला प्रशासन ने युद्ध स्तर पर अभियान छेड़ दिया है। जिलाधिकारी सविन बंसल के सख्त निर्देशों के बाद शिमला बाईपास स्थित हीरा गैस एजेंसी पर छापा मारकर सिलेंडर जब्त कर लिए गए हैं और एजेंसी स्वामी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है।

राजधानी देहरादून में एलपीजी गैस की कालाबाजारी रोकने और उपभोक्ताओं तक शत-प्रतिशत सिलेंडर पहुंचाने के दावों के बीच बड़ी लापरवाही सामने आई है। जिलाधिकारी सविन बंसल के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद शहीद हीरा गैस एजेंसी, शिमला बाईपास रोड द्वारा उपभोक्ताओं को घर पर सिलेंडर भेजने के बजाय गोदाम पर बुलाकर वितरण किया जा रहा था। इस मनमानी के कारण गोदाम पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे कानून व्यवस्था बिगड़ने की नौबत आ गई। सूचना मिलते ही डीएम की क्यूआरटी टीम ने मौके पर पहुंचकर सख्त कार्रवाई की।

एक्शन मोड में क्यूआरटी

जिलाधिकारी ने जिले में गैस आपूर्ति और वितरण की मॉनिटरिंग के लिए क्षेत्रवार क्विक रिस्पॉन्स टीम का गठन किया है। उप जिलाधिकारी विकासनगर विनोद कुमार के नेतृत्व में टीम ने नया गांव पेलियो स्थित हीरा गैस सर्विस के गोदाम पर छापेमारी की। जांच में पाया गया कि एजेंसी ट्रक के माध्यम से सीधे गोदाम से सिलेंडर बांट रही थी, जो कि जिला प्रशासन के होम डिलीवरी आदेशों का सीधा उल्लंघन है।

भारी भीड़ से बिगड़े हालात, दर्ज हुआ मुकदमा

एजेंसी पर उमड़ी बेकाबू भीड़ को देखते हुए डीएम ने तत्काल मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए। जिला प्रशासन ने आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955, आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 और भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत थाना पटेलनगर में वाद दर्ज कराया है। मौके से बरामद सभी सिलेंडरों को जब्त कर जिला पूर्ति अधिकारी और संबंधित तेल कंपनी की सुपुर्दगी में दे दिया गया है।

75 हजार का बैकलॉग, कंट्रोल रूम अलर्ट

प्रशासनिक आंकड़ों के मुताबिक, जिले में फिलहाल घरेलू गैस सिलेंडरों का बैकलॉग 75 हजार तक पहुंच गया है। हालांकि, आज 18,120 उपभोक्ताओं को घरेलू और 21 को कमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति की गई है। डीएम सविन बंसल खुद बैकलॉग की निगरानी कर रहे हैं। कंट्रोल रूम में शाम 5 बजे तक 111 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनका अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा की देखरेख में तत्काल निस्तारण किया जा रहा है।

The post डीएम की चेतावनी : सिलेंडर की कालाबाजारी की तो खैर नहीं, मुकदमा होगा दर्ज appeared first on Devpath.

Related News

Leave a Comment