---Advertisement---

उत्तराखंड में अपराधों का सिलसिला : गोदियाल ने धामी सरकार पर लगाए लापरवाही के गंभीर आरोप

By
On:
Follow Us
Join Our WhatsApp Channel


देहरादून : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने शुक्रवार को राजीव भवन में पत्रकारों से बातचीत में धामी सरकार पर कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर नाकामी का तीखा प्रहार किया। देहरादून सहित विभिन्न इलाकों में दिनदहाड़े हो रही हत्याओं और महिला अपराधों के बढ़ते मामलों को आधार बनाते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में अपराधी बेलगाम हो चुके हैं और जनता असुरक्षा के साये में जी रही है।

गोदियाल ने विकासनगर, ऋषिकेश, मच्छी बाजार, सिल्वर सिटी और तिब्बती मार्केट में हाल की हत्याओं का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि कानून का राज पूरी तरह ध्वस्त हो चुका है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर व्यक्तिगत निशाना साधते हुए कहा, “तिब्बती मार्केट में नौजवान की हत्या के ठीक बाद सीएम और उनकी कैबिनेट बगल के सिनेमाघर में तीन घंटे फिल्म देखते रहे, जिसके नतीजे में देहरादून में एक और हत्या हो गई। यह उनकी गंभीरता को दर्शाता है।”

सिल्वर सिटी हत्याकांड में मारे गए व्यक्ति को झारखंड निवासी और 50 से अधिक आपराधिक मामलों से जुड़ा बताते हुए गोदियाल ने सवाल उठाया, “ऐसे अपराधी को बिना जांच के खनन पट्टा किस आधार पर दिया गया? धामी सरकार बाहरी लोगों को संसाधन लूटने और पर्यावरण बर्बाद करने के लिए क्यों संरक्षण दे रही है?” उन्होंने एनसीआरबी आंकड़ों का जिक्र कर कहा कि उत्तराखंड से प्रतिवर्ष 1200 से ज्यादा बच्चे लापता हो रहे हैं, जबकि महिला अपराधों में राज्य हिमालयी राज्यों में सबसे चिंताजनक स्थिति में है।

कांग्रेस नेता ने आईपीएस अधिकारियों के हालिया तबादलों को “प्रशासनिक दिखावा” करार देते हुए जोर दिया कि व्यवस्था सुधारने के लिए राजनीतिक इच्छाशक्ति जरूरी है, न कि डेमोग्राफी या धर्मांतरण जैसे भटकावपूर्ण मुद्दों पर ध्यान। उन्होंने चेतावनी दी कि राजधानी में महिलाएं, व्यापारी और आम नागरिक असुरक्षित हैं, और धामी सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है।

दूसरी ओर, भाजपा नेताओं ने गोदियाल के बयानों को राजनीतिक स्टंट बताते हुए कहा कि सरकार अपराध नियंत्रण के लिए कड़े कदम उठा रही है। पुलिस ने बताया कि हत्याओं की जांच तेज है और दोषियों को सजा मिलेगी।

The post उत्तराखंड में अपराधों का सिलसिला : गोदियाल ने धामी सरकार पर लगाए लापरवाही के गंभीर आरोप appeared first on Devpath.

Leave a Comment