उत्तराखंड : भैयादूज पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बंद हुए यमुनोत्री धाम के कपाट, उमड़े श्रद्धालु

By
—
On:
Follow Us
Join Our WhatsApp Channel


यमुनोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद, खरसाली पहुंची मां यमुना की डोली, अब छह महीने खरसाली में होंगे मां यमुना के दर्शन, यमुनोत्री कपाट हुए बंद

उत्तरकाशी। भाई दूज के पावन पर्व पर उत्तराखण्ड के प्रसिद्ध तीर्थस्थल श्री यमुनोत्री धाम के कपाट आज शीतकाल के लिए विधि-विधान के साथ बंद कर दिए गए हैं। पूर्वाह्न 10 बजकर 28 मिनट पर वैदिक मंत्रोच्चार और विशेष पूजा-अर्चना के बाद धाम के कपाट छह महीने के लिए बंद किए गए, जिसके साथ ही इस वर्ष की यमुनोत्री धाम की यात्रा का मुख्य पड़ाव संपन्न हो गया है। कपाट बंद होने के इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम में मौजूद रहे।

कपाट बंद होने के पश्चात पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मां यमुना जी की उत्सव डोली को रवाना किया गया। शनिदेव महाराज की अगुवाई में ढोल-दमाऊ की मधुर धुनों और सैकड़ों श्रद्धालुओं के जयकारों के साथ डोली ने शीतकालीन प्रवास खरसाली (खुशीमठ) गांव की ओर प्रस्थान किया। इस दौरान पूरा क्षेत्र मां यमुना के जयकारों से गूंज उठा। प्रशासन की ओर से यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

Oplus_16908288

शीतकाल के इन छह महीनों के दौरान श्रद्धालु मां यमुना जी के दर्शन और पूजा-अर्चना उनके शीतकालीन प्रवास स्थल खरसाली स्थित मां यमुना मंदिर में कर सकेंगे। परंपरा के अनुसार, हर साल सर्दियों के मौसम में जब यमुनोत्री धाम भारी बर्फबारी और अत्यधिक ठंड के कारण बंद रहता है, तब देवी-देवताओं की डोलियों को उनके नीचे के गांवों में स्थापित किया जाता है, जहां ग्रीष्मकाल तक नियमित पूजा-अर्चना चलती है।

उत्तरकाशी पुलिस और प्रशासन ने चारधाम यात्रा को पूरी तरह सुरक्षित और सुगम बनाने में अहम भूमिका निभाई है। प्रशासन ने शीतकालीन यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए आगामी वर्ष के लिए भी बेहतर व्यवस्थाओं का भरोसा दिलाया है। स्थानीय लोगों और तीर्थयात्रियों में इस पारंपरिक विदाई को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।

The post उत्तराखंड : भैयादूज पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बंद हुए यमुनोत्री धाम के कपाट, उमड़े श्रद्धालु appeared first on Devbhumidarshan.

Leave a Comment