देवभूमि में पूर्व आईपीएस की पार्टी की एंट्री, उत्तराखंड की सभी 70 सीटों पर लड़ेगी SSP
-
उत्तराखंड में सभी 70 सीटों पर चुनाव लड़ेगी SSP, पूर्व CBI चीफ ने दी बड़ी चुनौती
देहरादून। उत्तराखंड की सियासत में एक नया राजनीतिक दल मजबूती से उतरने की तैयारी कर रहा है। सर्वजन सनातन पार्टी (SSP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व CBI निदेशक एम. नागेश्वर राव ने राजधानी देहरादून के उत्तरांचल प्रेस क्लब में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अपने राजनीतिक संकल्प पत्र का ऐलान किया है। पार्टी ने राज्य की सभी 70 विधानसभा सीटों पर आगामी चुनाव लड़ने की घोषणा करते हुए साफ कर दिया है कि वह मुख्यधारा की पार्टियों को कड़ी टक्कर देगी। इस दौरान उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, भू-कानून और अंकिता भंडारी प्रकरण जैसे संवेदनशील मुद्दों पर आक्रामक रुख अपनाया है।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एम. नागेश्वर राव ने ‘पर्वतोदय संकल्प’ का अनावरण करते हुए कहा कि उत्तराखंड के बलिदानों और जनभावनाओं का राजनीतिक लाभ नहीं उठाया जाना चाहिए। उन्होंने ऐलान किया कि उनकी पार्टी राज्य की सभी 70 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी और इसके लिए 26 सीटों पर विशेष रूप से संगठन को मजबूत किया जा रहा है। प्रेस वार्ता में मौजूद नेताओं ने कहा कि राज्य में विकास और पारदर्शिता की भारी कमी है, जिसे दूर करने के लिए पार्टी जमीनी स्तर पर काम करेगी।
पिछले 26 वर्षों के राजनीतिक हालातों पर निशाना साधते हुए पार्टी ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों से लगातार हो रहे पलायन को रोकने में सरकारें नाकाम रही हैं। इसके समाधान के लिए पार्टी ने 20 हिल ग्रोथ सेंटर (पर्वतीय विकास केंद्र) स्थापित करने का प्रस्ताव रखा है, जिसके जरिए कृषि, बागवानी और डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही, भू-खंडों की अनियंत्रित खरीद-बिक्री पर रोक लगाने और मूल निवासियों के भूमि अधिकारों की रक्षा के लिए कड़े भू-कानून की वकालत की गई है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान समान नागरिक संहिता (UCC) के कुछ प्रावधानों, विशेषकर लिव-इन रिलेशनशिप से जुड़े नियमों पर सवाल उठाए गए और उन्हें सनातन संस्कृति के प्रतिकूल बताया गया। इसके अलावा, बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में निष्पक्ष जांच और दोषियों के लिए कड़ी सजा की मांग दोहराई गई। पार्टी ने परीक्षाओं में पारदर्शिता लाने और युवाओं को योग्यता के आधार पर अवसर देने का भी वादा किया है, जिससे आने वाले दिनों में राज्य का सियासी पारा चढ़ना तय माना जा रहा है।

प्रेस वार्ता में राष्ट्रीय संगठन मंत्री अशोक शर्मा, प्रदेश प्रभारी प्रमोद पाण्डेय, पूर्व आईपीएस पं. जुगुल किशोर तिवारी, पूर्व आईएएस अंशुमान द्विवेदी, परिवर्तन शुक्ला, जान पारकर, डॉ.वी.डी.शर्मा, जीवकांत झा, बालकृष्ण शास्त्री, अशोक पांडेय सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
The post उत्तराखंड : चुनावी साल से पहले उत्तराखंड में नई पार्टी का शंखनाद appeared first on Devbhumidarshan.





