देहरादून में पत्रकारिता के नाम पर ब्लैकमेलिंग: 3.5 लाख ऐंठने वाला फर्जी पत्रकार गिरफ्तार
जमीनी विवाद में खबर चलाने की धमकी देकर मांगी रंगदारी, दून पुलिस का बड़ा एक्शन
देहरादून। राजधानी में फर्जी पत्रकारिता की आड़ में ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली करने वाले गिरोह पर प्रेमनगर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। झूठी खबर प्रसारित करने की धमकी देकर साढ़े तीन लाख रुपये से अधिक ऐंठने वाले मुख्य आरोपी रजत सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोभाल ने साफ कर दिया है कि अपराध का चोला पहनकर घूम रहे ऐसे असमाजिक तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा।
ईस्ट हॉप टाउन, ठाकुरपुर लक्ष्मीपुर निवासी राकेश कुमार ने कोतवाली प्रेमनगर में तहरीर दी थी। पीड़ित के अनुसार, उनके परिचित प्रकाश चंद की 250 गज जमीन पर 6 दुकानों का निर्माण चल रहा था। इसी दौरान सहसपुर निवासी रजत सिंह वहां पहुंचा और खुद को पत्रकार बताते हुए दुकानों के ‘गोल्डन फॉरेस्ट’ की जमीन पर बने होने का दावा करने लगा। उसने खबर प्रसारित कर निर्माण कार्य रुकवाने की धमकी दी और मामला दबाने के एवज में मोटी रकम की मांग रख दी।
कार्रवाई के डर से पीड़ित ने आरोपी को अलग-अलग किस्तों में 2.50 लाख रुपये नकद और 97 हजार रुपये यूपीआई के जरिए ट्रांसफर कर दिए। इसके बावजूद आरोपी की नीयत साफ नहीं हुई। उसने अपने दो अन्य कथित पत्रकार साथियों—इंदरजीत सिंह असवाल और राजिक खान के साथ मिलकर पीड़ित को फोन पर गालियां देना शुरू कर दिया और 5 लाख रुपये की अतिरिक्त रंगदारी मांगी। पैसे न देने पर जान से मारने की धमकियां दी जाने लगीं।
तहरीर मिलते ही प्रेमनगर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं 3(3), 308(2), 351(2), 352 और 61(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया। पुलिस टीम ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और बैंक ट्रांजेक्शन की पड़ताल कर 28 वर्षीय मुख्य आरोपी रजत सिंह पुत्र ओमप्रकाश को धर दबोचा।
पुलिस जांच में सामने आया कि पकड़ा गया आरोपी रजत सिंह शातिर किस्म का अपराधी है। उसके खिलाफ इस साल के अंत में कोतवाली विकासनगर में भी बीएनएस की संगीन धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज है। पुलिस अब मामले में फरार चल रहे उसके दो अन्य साथियों की तलाश में दबिश दे रही है।
The post एसएसपी दून का कड़ा संदेश : फर्जी पत्रकार बनकर वसूली की तो सीधे होगी जेल appeared first on Devbhumidarshan.





