उत्तराखंड की सियासत में भूचाल, खड़गे ने साधा बीजेपी पर निशाना, बोले- ‘हम सत्ता से उखाड़ फेंकेंगे’
2027 विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस की हुंकार, रुद्रपुर में गरजे राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे
रुद्रपुर। उत्तराखंड के 2027 विधानसभा चुनावों की तैयारियों के बीच ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने रुद्रपुर में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘पॉलिटिकल टूरिज्म’ वाले बयान पर सीधा पलटवार करते हुए खड़गे ने साफ किया कि वे सैर-सपाटे के लिए नहीं, बल्कि प्रदेश की जनता और कार्यकर्ताओं के हक की लड़ाई लड़ने आए हैं।
रुद्रपुर स्थित रामपुर रोड के एक होटल में आयोजित प्रदेश कांग्रेस कमेटी की इस अहम सांगठनिक बैठक में राज्यभर के नवनियुक्त पदाधिकारी, विधायक और जिलाध्यक्ष मौजूद रहे। खड़गे ने पार्टी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर जनता के मुद्दों पर संघर्ष करने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का स्पष्ट आह्वान किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा कांग्रेस नेतृत्व के दौरों को चुनावी पर्यटन करार दिए जाने पर खड़गे ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि उन्होंने देश और दुनिया का कोना-कोना देखा है, ऐसे में देवभूमि में पर्यटन के लिए आने का सवाल ही पैदा नहीं होता।
खड़गे ने अपने सख्त तेवरों में कहा, “मैंने पूरी दुनिया का टूर किया है, पूरे हिंदुस्तान का टूर किया है। यहां टूरिज्म के लिए नहीं आया हूं। मैं अपने लोगों के लिए आया हूं, अपनी जनता के लिए आया हूं, छात्रों के लिए आया हूं, कांग्रेस पार्टी को ज़िंदा रखने के लिए आया हूं और भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए आया हूं।”
संसदीय लोकतंत्र और मर्यादाओं का जिक्र करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने पुरानी राजनीतिक परंपराओं की याद दिलाई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राजनीतिक संस्कृति हमेशा से वरिष्ठ नेताओं और विपक्षी दिग्गजों के प्रति सम्मानजनक रही है।
अतीत के उदाहरण देते हुए खड़गे ने बताया कि जब अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी जैसे दिग्गज विपक्ष में रहते हुए कर्नाटक दौरे पर आते थे, तब कांग्रेस के नेता उनका पूरा आदर-सत्कार करते थे। उनके रहने और खाने की बेहतरीन व्यवस्थाएं की जाती थीं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हो सकते हैं, लेकिन बुजुर्ग और वरिष्ठ नेताओं का सम्मान करना शिष्टाचार का हिस्सा है। सत्ता के अहंकार में इस तरह की मर्यादाओं को भूलना ठीक नहीं है।
इससे एक दिन पहले हल्द्वानी की जनसभा में खड़गे ने आगामी विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंका था। रुद्रपुर प्रवास के दौरान उन्होंने अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे की कथित धांधली और युवाओं के बेरोजगारी व पेपर लीक के मुद्दों पर भी केंद्र सरकार को कटघरे में खड़ा किया।
राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान का समर्थन करते हुए खड़गे ने साफ किया कि कांग्रेस सड़क से लेकर संसद तक छात्रों और बेरोजगारों की आवाज उठाती रहेगी। रुद्रपुर की इस बैठक के जरिए कांग्रेस ने साफ संदेश दे दिया है कि वह उत्तराखंड में भाजपा के खिलाफ आक्रामक रणनीति के साथ मैदान में उतर चुकी है।
The post ‘टूरिज्म के लिए नहीं, अपनी जनता के लिए आया हूं’: रुद्रपुर से खड़गे का सीएम धामी पर करारा पलटवार appeared first on Devbhumidarshan.





