---Advertisement---

देहरादून एनकाउंटर : शामली के कुख्यात अकरम के खात्मे पर मुस्लिम संगठनों ने एसएसपी को दी बधाई

By
Last updated:
Follow Us
Join Our WhatsApp Channel


एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल को सौंपा ज्ञापन, अपराधियों के खिलाफ पुलिस की सख्ती पर जताया भरोसा

इंस्पेक्टर नरेश राठौर की जांबाजी की प्रशंसा, घायल पुलिसकर्मी के लिए मुस्लिम संगठनों ने मांगी दुआ

देहरादून (ब्यूरो)। उत्तराखंड की राजधानी में पिछले दिनों हुई पुलिस मुठभेड़ की गूँज अब हरिद्वार तक पहुँच गई है।

हरिद्वार के बहादराबाद क्षेत्र से आए विभिन्न मुस्लिम संगठनों के प्रतिनिधियों ने मंगलवार को एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोबाल से मुलाकात की। इन संगठनों ने न केवल पुलिस की कार्रवाई का खुला समर्थन किया, बल्कि कुख्यात अपराधी को ढेर करने के लिए पुलिस टीम की पीठ भी थपथपाई।

मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर पुलिस के इस कड़े रुख की सराहना की। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अपराधियों का कोई धर्म नहीं होता और समाज को भयमुक्त बनाने के लिए ऐसी कार्रवाई जरूरी है। इस दौरान एसएसपी को एक औपचारिक ज्ञापन भी सौंपा गया, जिसमें पुलिस प्रशासन के प्रति अटूट विश्वास जताया गया है।

संगठन के पदाधिकारियों ने मुठभेड़ के दौरान घायल हुए प्रेमनगर थाना प्रभारी (निरीक्षक) नरेश राठौर के प्रति विशेष संवेदना व्यक्त की।

उन्होंने इंस्पेक्टर राठौर के अदम्य साहस की तारीफ करते हुए उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। मुलाकात के दौरान यह भी कहा गया कि जो पुलिसकर्मी अपनी जान जोखिम में डालकर जनता की रक्षा करते हैं, पूरा समाज उनके साथ चट्टान की तरह खड़ा है।

इस एनकाउंटर का विरोध करने वाले कुछ चुनिंदा स्वरों पर भी संगठनों ने तीखा हमला बोला। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी ने भी पुलिस की इस जायज और जरूरी कार्रवाई का विरोध करने की कोशिश की, तो मुस्लिम संगठन उनके खिलाफ सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे। समाज के इन प्रतिनिधियों ने कहा कि वे अपराधियों का संरक्षण करने वाले किसी भी तत्व को बर्दाश्त नहीं करेंगे।

गौरतलब है कि यह मुठभेड़ बीते बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात प्रेमनगर क्षेत्र में हुई थी। इसमें मारा गया बदमाश अकरम उत्तर प्रदेश के शामली का रहने वाला था और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। अकरम साल 2014 के चर्चित अंकित हत्याकांड और डकैती का मुख्य आरोपी था और उसके खिलाफ हत्या, लूट और डकैती जैसे करीब 16 संगीन मुकदमे दर्ज थे।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, अकरम का भाई भी उत्तर प्रदेश में पुलिस मुठभेड़ में ही मारा गया था। अकरम और उसके साथियों ने प्रेमनगर में एक प्रॉपर्टी डीलर देवराज से 2 लाख रुपये और सोने की चेन लूटकर फायरिंग की थी। पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर भी गोलियां चलाईं, जिसमें इंस्पेक्टर नरेश राठौर के हाथ में दो गोलियां लगी थीं। जवाबी कार्रवाई में अकरम मारा गया, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे थे।

एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने समर्थन देने आए प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि जनपद में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और फरार अन्य बदमाशों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है।

The post देहरादून एनकाउंटर : शामली के कुख्यात अकरम के खात्मे पर मुस्लिम संगठनों ने एसएसपी को दी बधाई appeared first on Devbhumidarshan.

Related News

Leave a Comment