ऑपरेशन प्रहार : चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से अपराधी घायल
देहरादून (ब्यूरो)। राजधानी के बसंत विहार इलाके में ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस और अपराधियों के बीच सीधी मुठभेड़ हो गई। शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात हुई इस फायरिंग में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पश्चिमी उत्तर प्रदेश के एक शातिर बदमाश को गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया है।
एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोभाल के निर्देश पर पूरे जनपद में अपराधियों के खिलाफ मोर्चा खोला गया है। इसी कड़ी में हरबंशवाला बैरियर पर थानाध्यक्ष बसंत विहार पुलिस बल के साथ संदिग्ध वाहनों की सघन तलाशी ले रहे थे। तभी बिना नंबर प्लेट की नीली स्कूटी पर सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उन्होंने रफ्तार बढ़ा दी।
बदमाशों ने बैरियर पर रुकने के बजाय टी-स्टेट की तरफ भागने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस टीम ने उनका पीछा शुरू किया। खुद को घिरता देख स्कूटी सवार अपराधियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से सीधे फायर झोंक दिया। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में गोलियां चलाईं, जिसमें एक बदमाश पैर में गोली लगने से वहीं गिर पड़ा।
पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से दोनों आरोपियों को दबोच लिया। घायल बदमाश की पहचान अब्दुल्ला पुत्र गुलाम मोहम्मद के रूप में हुई है, जो मूल रूप से सहारनपुर का निवासी है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, अब्दुल्ला पर सहारनपुर, मेरठ और गाजियाबाद के विभिन्न थानों में लूट और डकैती जैसे दर्जनों संगीन मामले दर्ज हैं।
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही एसएसपी देहरादून और एसपी सिटी ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। फील्ड यूनिट ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध देशी तमंचे (315 बोर), जिंदा कारतूस और खोखा बरामद किया है। अपराध में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की स्कूटी को भी सीज कर दिया गया है।
पकड़ा गया दूसरा आरोपी शाहनवाज सलमानी भी सहारनपुर का रहने वाला है और वर्तमान में सहसपुर इलाके में रह रहा था। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि ये दोनों किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के इरादे से शहर में दाखिल हुए थे या किसी स्थानीय गिरोह से इनके तार जुड़े हैं।
दोनों अभियुक्तों के खिलाफ थाना बसंत विहार में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109/3(5) और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घायल बदमाश का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि उसके साथी से पूछताछ जारी है।
The post एसएसपी का एक्शन मोड : पश्चिमी यूपी के अपराधियों की देहरादून में घेराबंदी, मुठभेड़ के बाद दो गिरफ्तार appeared first on Devbhumidarshan.





