---Advertisement---

राजधानी में हुड़दंगियों की खैर नहीं, SSP देहरादून ने सड़कों पर उतरकर रुकवाई देर रात की पार्टियां

By
On:
Follow Us
Join Our WhatsApp Channel


देहरादून में देर रात तक शराब पिलाने वाले बार संचालकों पर गिरी गाज, SSP के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई

देहरादून (देवपथ ब्यूरो)। राजधानी की सड़कों पर देर रात हुड़दंग मचाने वालों और नियम ताक पर रखकर बार चलाने वाले संचालकों के खिलाफ एसएसपी देहरादून ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोभाल के निर्देश पर शहर के पॉश इलाकों में ताबड़तोड़ छापेमारी की गई, जिसमें नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर दो प्रसिद्ध बार संचालकों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस कप्तान ने सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट चेतावनी दी थी कि निर्धारित समयावधि के बाद किसी भी सूरत में बार या रेस्टोरेंट खुले नहीं मिलने चाहिए। इसी क्रम में 30 मार्च 2026 की रात को एसपी सिटी, एसपी ऋषिकेश, एसपी विकासनगर और एसपी ट्रैफिक के नेतृत्व में अलग-अलग पुलिस टीमों ने राजपुर क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया।

राजपुर रोड स्थित ‘पिरामिड बार’ और ‘नुक्कड़ बार व रेस्टोरेंट’ में छापेमारी के दौरान पुलिस ने पाया कि वहां तय समय सीमा बीतने के बाद भी ग्राहकों को शराब परोसी जा रही थी। नियमों की धज्जियां उड़ाते पकड़े जाने पर पुलिस ने दोनों बार संचालकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223 और 270 के तहत मामला पंजीकृत कर लिया है।

अभियान के दौरान सड़कों पर स्टंट करने और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर भी पुलिस का डंडा चला। देर रात की गई इस चेकिंग में 11 ऐसे वाहन चालकों को गिरफ्तार किया गया जो नशे की हालत में ड्राइविंग कर रहे थे, पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उनके वाहनों को सीज कर दिया है।

कार्रवाई यहीं नहीं रुकी, देर रात तक बार और रेस्टोरेंट में बैठकर जाम छलका रहे 3 संदिग्ध व्यक्तियों को पुलिस ने बीएनएसएस (BNSS) की धारा 172 के तहत हिरासत में लिया और थाने ले आई। पुलिस की इस अचानक हुई कार्रवाई से शहर के अन्य बार संचालकों और देर रात घूमने वाले तत्वों में हड़कंप मचा हुआ है।

एसएसपी देहरादून ने साफ कर दिया है कि यह अभियान केवल एक दिन के लिए नहीं है, बल्कि आने वाले दिनों में भी रात के समय हुड़दंग रोकने के लिए पुलिस की टीमें इसी तरह सक्रिय रहेंगी। शहर की शांति व्यवस्था भंग करने वाले और व्यापारिक प्रतिष्ठानों के लिए तय गाइडलाइंस को नजरअंदाज करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर बनी हुई है।

देहरादून में बढ़ते नाइट कल्चर और उससे जुड़ी दुर्घटनाओं को देखते हुए पुलिस अब “जीरो टॉलरेंस” की नीति पर काम कर रही है। खास तौर पर राजपुर रोड और मसूरी डायवर्जन जैसे संवेदनशील इलाकों में पिकेट ड्यूटी बढ़ा दी गई है ताकि शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर अंकुश लगाया जा सके।

The post राजधानी में हुड़दंगियों की खैर नहीं, SSP देहरादून ने सड़कों पर उतरकर रुकवाई देर रात की पार्टियां appeared first on Devpath.

Leave a Comment