---Advertisement---

आधी रात होटल नवरंग में छापा, दिल्ली-हरियाणा के जुआरी पकड़े गए, लापरवाही पर पूरी IDPL चौकी सस्पेंड

By
Last updated:
Follow Us
Join Our WhatsApp Channel


ऋषिकेश : उत्तराखंड की तीर्थनगरी ऋषिकेश में अवैध गतिविधियों के खिलाफ देहरादून पुलिस कप्तान ने अब तक का सबसे बड़ा हंटर चलाया है। हरिद्वार रोड स्थित होटल नवरंग में चल रहे बड़े स्तर के जुआ रैकेट का भंडाफोड़ होने के बाद एसएसपी ने आईडीपीएल (IDPL) चौकी के पूरे स्टाफ को एक साथ सस्पेंड कर दिया है। चौकी प्रभारी समेत कुल 12 पुलिसकर्मियों को ड्यूटी में लापरवाही और इलाके में अवैध धंधों पर अंकुश न लगा पाने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।

शुक्रवार की देर रात एसएसपी देहरादून को गोपनीय सूचना मिली थी कि ऋषिकेश के एक होटल में बाहरी राज्यों के रईसजादे बड़े पैमाने पर जुआ खेल रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने स्थानीय चौकी को भनक तक नहीं लगने दी और सीधे क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश को टीम गठित कर छापेमारी के निर्देश दिए। जब पुलिस टीम ने हरिद्वार रोड मुर्गी फार्म के पास स्थित होटल नवरंग में दबिश दी, तो वहां का नजारा देख अधिकारी भी दंग रह गए।

छापेमारी के दौरान मौके से भारी मात्रा में जुआ सामग्री, लाखों की नगदी और विभिन्न ब्रांडों की शराब की बोतलें बरामद की गई हैं। पुलिस ने मौके से कुल 40 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 10 महिलाएं भी शामिल बताई जा रही हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपी केवल उत्तराखंड के ही नहीं, बल्कि दिल्ली, नोएडा, मेरठ और हरियाणा जैसे इलाकों से यहां जुआ खेलने पहुंचे थे। पुलिस ने इन सभी के खिलाफ कोतवाली ऋषिकेश में जुआ अधिनियम और आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाली बात स्थानीय पुलिस की भूमिका रही। जिस इलाके में महीनों से इतना बड़ा अवैध कैसीनो और जुआ घर चल रहा था, वहां की आईडीपीएल चौकी को इसकी कानो-कान खबर नहीं थी। एसएसपी प्रमोद सिंह डोबाल ने इसे घोर लापरवाही और मिलीभगत की आशंका मानते हुए कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने साफ किया कि सत्यापन अभियान और चेकिंग में शिथिलता बरतने वाले किसी भी कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।

होटल नवरंग को पुलिस ने फिलहाल सील कर दिया है। बताया जा रहा है कि छापेमारी के दौरान होटल का मैनेजर मौके से फरार होने में कामयाब रहा, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। एसएसपी ने निर्देश दिए हैं कि होटल मालिक के खिलाफ भी कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। पुलिस अब इन आरोपियों के आपराधिक इतिहास और किसी बड़े संगठित नेटवर्क से इनके जुड़ाव की जांच कर रही है।

The post आधी रात होटल नवरंग में छापा, दिल्ली-हरियाणा के जुआरी पकड़े गए, लापरवाही पर पूरी IDPL चौकी सस्पेंड appeared first on Devpath.

Leave a Comment