दून में शक्ति की साधना : 11 हजार कन्याओं के पूजन का संकल्प सिद्ध, सीएम धामी बोले- बेटियों के सम्मान से ही खुशहाल समाज
देहरादून (ब्यूरो)। देहरादून में चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर भक्ति और शक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित 9 दिवसीय यात्रा का समापन 11 हजार कन्या पूजन के महासंकल्प के साथ हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस अनुष्ठान में शामिल होकर बेटियों को साक्षात देवी का रूप बताया और समाज को उनके संरक्षण का संदेश दिया।
राजधानी देहरादून में चैत्र नवरात्रि के अवसर पर आयोजित नौ दिवसीय भक्ति यात्रा ने श्रद्धा के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल के संयोजन में कैंट विधानसभा और शहर के विभिन्न वार्डों में सामूहिक कन्या पूजन का आयोजन किया गया। इस महाभियान का मुख्य आकर्षण प्रेमनगर स्थित सनातन धर्म मंदिर रहा, जहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 1100 कन्याओं का पूजन किया। मुख्यमंत्री ने कन्याओं के पांव प्रक्षालन किए, तिलक लगाया और चुनरी ओढ़ाकर आशीर्वाद लिया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में कन्या को साक्षात देवी स्वरूप माना गया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जिस स्थान पर बेटियों का सम्मान होता है, वहां देवताओं का वास होता है। सीएम ने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में नारी शक्ति को सुदृढ़ करने और ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ जैसे मूल्यों को जमीन पर उतारने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों को नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए बेटियों की शिक्षा और सुरक्षा का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के संयोजक सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने बताया कि यह आयोजन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि शक्ति और आत्मविश्वास की उपासना का भाव है। 19 मार्च को माँ शैलपुत्री की आराधना के साथ पटेल नगर के राज पैलेस से शुरू हुई यह यात्रा 26 मार्च तक कोलागढ़ और जीएमएस रोड तक पहुंची। इस दौरान 11 हजार कन्याओं के पूजन का संकल्प पूरा किया गया। उन्होंने इस सफलता का श्रेय माँ भगवती की कृपा और कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम को दिया।
अभियान के तहत 22 मार्च को अटल पार्क यमुना कॉलोनी, 23 मार्च को साधुराम इंटर कॉलेज, 24 मार्च को शीतला माता मंदिर और 25 मार्च को हिंदू नेशनल स्कूल समेत दर्जनों स्थानों पर भव्य आयोजन हुए। इन कार्यक्रमों में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, तीरथ सिंह रावत, भाजपा प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार और कैबिनेट मंत्री खजान दास समेत कई पदाधिकारियों ने सहभागिता की। सभी अतिथियों ने माँ दुर्गा के नौ रूपों की महिमा का वर्णन कर जनसेवा का संकल्प दोहराया।
इस वृहद आयोजन को सफल बनाने में विधायक सविता कपूर, बिजेन्द्र थपलियाल, राजेंद्र ढिल्लो और विभिन्न वार्डों के पार्षदों ने सक्रिय भूमिका निभाई। डोली रानी, रजनी देवी, मनीष पाल और संजय सिंह समेत पूरी टीम ने पंक्तिबद्ध बैठाकर कन्याओं का सप्रेम सत्कार किया। उपहार और दक्षिणा भेंट कर बेटियों से सुख-समृद्धि का आशीर्वाद मांगा गया।
The post सिद्धार्थ अग्रवाल का बड़ा संकल्प : राजधानी के हर वार्ड में गूंजा ‘जय माता दी’, कन्या पूजन संपन्न appeared first on Devpath.





