---Advertisement---

देहरादून में आधी रात पुलिस का ‘वज्रपात’, पब-रेस्टोरेंट से लेकर सड़कों तक हड़कंप

By
Last updated:
Follow Us
Join Our WhatsApp Channel


एसएसपी के आदेश पर सड़कों पर उतरी दून पुलिस, शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले 32 गिरफ्तार

देहरादून (ब्यूरो)। उत्तराखंड में अपराधियों और हुड़दंगियों के खिलाफ मुख्यमंत्री के सख्त तेवरों के बाद राजधानी देहरादून की सड़कों पर पुलिस का भारी अमला उतरा। ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर चली इस विशेष मुहिम ने शहर के पब, बार और रेस्टोरेंट से लेकर प्रमुख चौराहों तक हड़कंप मचा दिया।

एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र सिंह डोभाल ने देर रात सभी थाना क्षेत्रों के प्रभारियों को खुद मैदान में उतरकर सघन चेकिंग करने के निर्देश जारी किए थे। इस दौरान पुलिस की अलग-अलग टीमों ने संदिग्धों के ठिकानों पर अचानक छापेमारी की और नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों पर शिकंजा कसा।

रायपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने सोंडा सिरोली स्थित एक रेस्टोरेंट पर दबिश दी, जहाँ बिना लाइसेंस के अवैध रूप से लोगों को शराब परोसी जा रही थी। पुलिस ने रेस्टोरेंट संचालक 52 वर्षीय लक्ष्मण सिंह पुत्र उत्तम सिंह राणा को मौके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से शराब की बोतलें और खाली केन बरामद हुए हैं, जिसके बाद थाना रायपुर में आबकारी अधिनियम की धारा 60/68 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थलों पर उत्पाद मचाने वाले तीन और लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया। इनमें बिजनौर निवासी देवानंद और डोईवाला के भनियावाला निवासी जगदीश यादव व नितेश यादव शामिल हैं। ये लोग शांति व्यवस्था को प्रभावित कर रहे थे, जिसके चलते पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इन्हें सलाखों के पीछे भेज दिया।

रात के अंधेरे में सड़कों पर बिना किसी ठोस कारण के घूम रहे 960 से अधिक लोगों को रोककर पुलिस ने कड़ी पूछताछ की। इनमें से 11 संदिग्धों को 172 BNSS के तहत हिरासत में लेकर थाने लाया गया है, जहाँ उनके आपराधिक इतिहास और सत्यापन की जांच की जा रही है।

ड्रंक एंड ड्राइविंग के खिलाफ पुलिस का एक्शन सबसे ज्यादा सख्त रहा। शराब पीकर स्टेयरिंग थामने वाले 32 वाहन चालकों को पुलिस ने अलग-अलग इलाकों से गिरफ्तार किया और उनके वाहनों को तुरंत सीज कर दिया। इसके अलावा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 77 चालकों पर एमवी एक्ट के तहत कार्रवाई कर 46,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

पूरे जनपद में 112 संदिग्धों का 81 पुलिस एक्ट में चालान काटा गया, जिससे कुल 37,250 रुपये का राजस्व वसूला गया है। वहीं, 48 वाहन चालकों के कोर्ट चालान किए गए और गंभीर लापरवाही मिलने पर 23 अन्य वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया गया।

एसएसपी के अनुसार, यह कार्रवाई केवल एक रात की नहीं है, बल्कि ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत यह सिलसिला लगातार जारी रहेगा। पुलिस का मुख्य उद्देश्य शहर की शांति व्यवस्था बनाए रखना और अपराधियों के भीतर कानून का खौफ पैदा करना है। विशेष रूप से पब और रेस्टोरेंट की मॉनिटरिंग बढ़ा दी गई है ताकि अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके।

The post देहरादून में आधी रात पुलिस का ‘वज्रपात’, पब-रेस्टोरेंट से लेकर सड़कों तक हड़कंप appeared first on Devbhumidarshan.

Leave a Comment