---Advertisement---

दून में हुड़दंगी छात्रों की खैर नहीं : SSP का ‘ऑपरेशन नाइट वॉच’ शुरू

By
On:
Follow Us
Join Our WhatsApp Channel


दून में हुड़दंगियों पर पुलिस का काल बना ‘ऑपरेशन नाइट वॉच’, नशे में झूमने वाले 71 गिरफ्तार, SSP ने दी कॉलेज से निकालने की चेतावनी

देहरादून (ब्यूरो)। देहरादून में बढ़ती अराजकता और रात के समय हुड़दंग करने वाले छात्रों व युवकों को कड़ा सबक सिखाने के लिए पुलिस ने मोर्चा खोल दिया है। एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र सिंह डोभाल के निर्देश पर शुरू हुए ऑपरेशन नाइट वॉच के तहत जिले भर में भारी छापेमारी और चेकिंग अभियान चलाया गया। महज 48 घंटों के भीतर पुलिस ने नशे में गाड़ी चलाने वाले 71 लोगों को सलाखों के पीछे भेज दिया है, जबकि सैकड़ों संदिग्धों से पूछताछ कर उन पर भारी जुर्माना ठोका गया है।

राजधानी की सड़कों पर रात के वक्त स्टंटबाजी और नशा कर बवाल करने वाले तत्वों के खिलाफ एसएसपी देहरादून ने ‘ऑपरेशन नाइट वॉच’ के जरिए सर्जिकल स्ट्राइक शुरू कर दी है। पुलिस कप्तान ने स्पष्ट कर दिया है कि पढ़ाई के नाम पर दून आकर माहौल खराब करने वाले युवकों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। इस अभियान के दौरान अब तक 1900 से अधिक लोगों से कड़ी पूछताछ की गई है और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर गाड़ियां जब्त की जा रही हैं।

एसएसपी के सख्त आदेश के बाद दून पुलिस की अलग-अलग टीमों ने शहर से लेकर देहात तक के बॉर्डर पॉइंट्स और आंतरिक मार्गों पर नाकेबंदी कर दी। चेकिंग के दौरान पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वाले 71 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई यहीं नहीं रुकी, पुलिस ने 21 चौपहिया और 50 दोपहिया वाहनों को सीज कर दिया है। रात में अनावश्यक रूप से सड़कों पर मटरगश्ती कर रहे 288 लोगों को रोककर उनसे पूछताछ की गई, जिनमें से संतोषजनक जवाब न देने वाले 156 संदिग्धों को थानों लाया गया।

एसएसपी देहरादून ने शैक्षणिक संस्थानों के छात्रों को सख्त चेतावनी जारी की है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय या कॉलेज में पढ़ने वाले युवक यदि रात में गुटबाजी, हुड़दंग या किसी भी तरह के अपराध में संलिप्त पाए जाते हैं, तो उनके विरुद्ध केवल कानूनी कार्रवाई ही नहीं होगी, बल्कि संबंधित संस्थान से उनका निष्कासन भी सुनिश्चित कराया जाएगा। पुलिस ने साफ किया है कि अराजकता फैलाने वालों को चिह्नित किया जा रहा है और उनकी कुंडली तैयार की जा रही है।

ऑपरेशन के दौरान उन रईसजादों पर भी शिकंजा कसा गया जो गाड़ियों में अवैध रूप से हूटर और काली फिल्म लगाकर धौंस जमाते हैं। पुलिस ने ऐसे 12 वाहनों को सीज किया है और यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले 98 चालकों का चालान काटा है। एमवी एक्ट के तहत 38,500 रुपये और पुलिस एक्ट के तहत 49,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया है। पुलिस का कहना है कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और हर दिन चेकिंग के ठिकाने बदले जाएंगे ताकि अपराधियों को संभलने का मौका न मिले।

The post दून में हुड़दंगी छात्रों की खैर नहीं : SSP का ‘ऑपरेशन नाइट वॉच’ शुरू appeared first on Devpath.

Related News

Leave a Comment