देहरादून भाजपा में लेटर वार : महिला महामंत्री ने मण्डल अध्यक्ष पर दागे गंभीर आरोप, महानगर अध्यक्ष से की कार्रवाई की मांग
देहरादून (ब्यूरो)। देहरादून भाजपा के संगठनात्मक ढांचे में अनुशासनहीनता और अंतर्कलह का बड़ा मामला सामने आया है। दीनदयाल मंडल की महामंत्री प्रभा बंदूनी ने मण्डल अध्यक्ष आशीष गिरी के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए महानगर अध्यक्ष को पत्र लिखकर अपनी पीड़ा व्यक्त की है। बंदूनी का आरोप है कि उन्हें सांगठनिक कार्यों से जानबूझकर दूर रखा जा रहा है और एक महिला होने के नाते उनके साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार किया जा रहा है। इस विवाद के बाद राजधानी की राजनीति में हड़कंप मच गया है।
देहरादून भाजपा के भीतर चल रही गुटबाजी अब सार्वजनिक हो गई है। दीनदयाल मंडल में मण्डल अध्यक्ष और महामंत्री के बीच का विवाद भाजपा के आंतरिक अनुशासन की पोल खोल रहा है। महामंत्री प्रभा बंदूनी ने सीधे तौर पर मण्डल अध्यक्ष आशीष गिरी पर गंभीर आरोप जड़ते हुए कहा है कि उन्हें संगठन की किसी भी रूपरेखा या रायशुमारी का हिस्सा नहीं बनाया जा रहा है। बंदूनी ने इस व्यवहार को न केवल अपना अपमान, बल्कि उन्हें दिए गए दायित्व का भी अनादर बताया है।
हाशिए पर महिला पदाधिकारी
शिकायती पत्र में प्रभा बंदूनी ने स्पष्ट किया है कि मण्डल अध्यक्ष द्वारा सांगठनिक कार्यों की कोई भी सूचना उन्हें नहीं दी जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि संगठन द्वारा दिए गए कार्यों की रूपरेखा तय करते समय उन्हें अंधेरे में रखा जाता है। बंदूनी के अनुसार, पिछले कई वर्षों से पार्टी के विभिन्न पदों पर सक्रिय रहने के बावजूद वर्तमान में उन्हें जिस तरह के बर्ताव का सामना करना पड़ रहा है, वह चिंताजनक है।
भेदभाव और अनादर का आरोप
महिला महामंत्री ने अपनी शिकायत में ‘जेंडर डिस्क्रिमिनेशन’ की ओर भी इशारा किया है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर एक महिला होने के नाते उनके साथ यह भेदभावपूर्ण व्यवहार क्यों किया जा रहा है? उन्होंने पत्र में लिखा कि यदि अध्यक्ष का व्यवहार इसी प्रकार बना रहा, तो एक महिला कार्यकर्ता के लिए अपने पद की गरिमा के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करना और संगठन को आगे बढ़ाना अत्यंत कठिन हो जाएगा।
महानगर अध्यक्ष से कार्रवाई की गुहार
प्रभा बंदूनी ने देहरादून के महानगर अध्यक्ष से इस पूरे मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की है। उन्होंने मांग की है कि मण्डल अध्यक्ष आशीष गिरी की अनुशासनहीनता पर संज्ञान लेते हुए उन पर उचित कार्यवाही की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि वरिष्ठ पदों पर बैठे व्यक्तियों का ऐसा आचरण संगठन की छवि को धूमिल कर रहा है। अब देखना यह होगा कि महानगर नेतृत्व इस आंतरिक कलह को शांत करने के लिए क्या कदम उठाता है।
The post देहरादून भाजपा में घमासान : महिला महामंत्री ने खोला मोर्चा, अध्यक्ष पर लगाए गंभीर आरोप appeared first on Devpath.





