देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कड़े निर्देशों पर अमल करते हुए देहरादून पुलिस ने तिब्बती मार्केट हत्याकांड के मुख्य शूटर और उसके सहयोगी को तड़के सुबह चली मुठभेड़ों में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के पलटवार में दोनों बदमाशों को पैर में गोली लगी, जबकि पुलिस टीम सुरक्षित रही।
जनपद में हाल ही हुए हत्याकांड के खुलासे के लिए एसएसपी अजय सिंह के नेतृत्व में शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक नाकेबंदी और सघन चेकिंग का अभियान चल रहा था। इसी क्रम में रायपुर थाना क्षेत्र के लाडपुर जंगल में नाकेबंदी के दौरान एक बदमाश ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगने से वह गिरफ्त में आ गया।
इसी प्रकार, लालतप्पर पुलिस चौकी के निकट चेकिंग के दौरान स्कूटी सवार दूसरे बदमाश ने पुलिस को देख भागने की कोशिश की। खंडहर फैक्ट्री में घुसकर उसने गोलीबारी की, लेकिन पुलिस की मुस्तैद टीम ने करारा जवाब देते हुए उसे भी पैर में गोली मारकर पकड़ लिया। दोनों घायल बदमाशों को तुरंत कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
बरामद सामान और कबूला जुर्म
पुलिस ने दोनों बदमाशों के कब्जे से दो देशी तमंचे और एक स्कूटी बरामद की। पूछताछ में उन्होंने तिब्बती मार्केट के सामने हुए हत्याकांड को अंजाम देने की बात कबूल ली। एसएसपी देहरादून स्वयं अस्पताल पहुंचे और अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। उच्चाधिकारियों को सूचित कर दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि लगातार पूछताछ से हत्याकांड के अन्य साजिशकर्ताओं का भी पता लगाया जाएगा। यह कार्रवाई अपराधियों में दहशत पैदा करने वाली है।
The post बड़ी खबर : दून पुलिस का पलटवार, तिब्बती मार्केट के पास दिन दहाड़ें घटना को अंजाम देने वाले हत्याकांड के शूटर व सहयोगी को मुठभेड़ में धर दबोचा appeared first on Devpath.





