देहरादून : शहर में पत्रकारिता पर बढ़ते हमलों का एक और काला अध्याय जुड़ गया। जयभारत टीवी के वरिष्ठ पत्रकार श्री हेम भट्ट पुत्र स्व. जगदीश चन्द्र भट्ट ने कोतवाली डालनवाला थाने में तहरीर देकर बताया कि गुरुवार शाम को अपने कार्यालय कॉन्वेंट रोड से शांति विहार, हरिद्वार बाईपास रोड स्थित निवास लौटते समय एमकेएप चौक से आगे रेसकोर्स सड़क पर स्कूटी सवार तीन अज्ञात युवकों ने उनकी मोटरसाइकिल को ओवरटेक कर रोका।
आरोपियों ने भट्ट से गाली-गलौज की, लात-घूंसे मारे और ‘न्यूज मत चलाओ वरना जान से हाथ धो बैठोगे’ कहकर धमकी दी। पीड़ित ने बताया कि आरोपी उनकी पत्रकारिता से नाराज थे। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली डालनवाला पर तत्काल मुकदमा संख्या 26/2026 धारा 126(2), 115(2), 352, 351(3) बीएनएस के तहत दर्ज कर लिया गया। विवेचना उ.नि. नरेन्द्र कोटियाल, चौकी प्रभारी आराघर कर रहे हैं।
वरिष्ठ अधिकारियों के सख्त निर्देश पर पुलिस ने फौरन विशेष टीम गठित की और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की छानबीन शुरू कर दी। एसएसपी देहरादून ने बताया, “अज्ञात आरोपी शीघ्र चिन्हित कर गिरफ्तार किए जाएंगे। पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु अतिरिक्त चौकसी बरती जा रही है।” पत्रकार संगठनों ने इस घटना की कड़ी निंदा की है और तत्काल न्याय की मांग की है।
The post Crime News : वरिष्ठ पत्रकार पर तीन अज्ञातों का जानलेवा हमला, मुकदमा दर्ज appeared first on Devpath.





