उक्रांद का भाजपा कांग्रेस पर पहाड़ की उपेक्षा का आरोप

देहरादून (एजेंसी)। उक्रांद ने भाजपा, कांग्रेस पर पहाड़ की उपेक्षा का आरोप लगाया। उक्रांद अध्यक्ष पूरण सिंह कठैत ने कहा कि दोनों दलों की सरकारों की गलत नीतियों के कारण ही पहाड़ पर पलायन बढ़ा है। दोनों दलों ने हमेशा पहाड़ के असल मुद्दों की अनदेखी की है। अध्यक्ष पूरण सिंह कठैत ने कहा कि लोकसभा चुनाव में राज्य की जनता दोनों दलों अब सीधा सवाल कर रही है।

जनता पूछ रही है कि खाली वीरान होते पहाड़ों पर पलायन रोकने को आज तक क्या किया गया। जंगली जानवरों से तबाह होती खेती और लोगों की जा रही जान को बचाने के लिए दोनों सरकारों ने क्या प्रयास किए। पहाड़ों की जमीनों को बचाने के लिए सरकार क्यों हिमाचल की तर्ज पर सख्त भू कानून नहीं बना रही है। क्यों स्थायी निवास की बजाय मूल निवास को लागू नहीं किया जा रहा है।

क्यों राज्य के युवाओं को भर्ती का एक पारदर्शी सिस्टम तैयार कर नहीं दिया जा रहा है। क्यों आज तक सरकारें टीएचडीसी से पैदा होने वाली बिजली में अपना पूरा हिस्सा नहीं ले पाई। क्यों आज तक यूपी के साथ परिसंपत्तियों का सम्मानजनक बंटवारा नहीं हो पाया। पहाड़ों पर बिना इलाज के होने वाली मौतों का सिलसिला कब रुकेगा।

कहा कि आखिरकार कब तक ये दोनों दल जनता के इन सवालों के भागते रहेंगे। इस बार चुनाव में राज्य की जनता इन सवालों को लेकर दोनों दलों को नकारने जा रही है। इस बार उक्रांद 1989 के प्रदर्शन को और बेहतर करते हुए चौंकाने वाले नतीजे ले आएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.