सरकार की नीति और योजनाओं को बूथ तक ले जाए युवा : महेंद्र भट्ट

हरिद्वार (एजेंसी)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि युवा मोर्चा के कार्यकर्ता प्रदेश सरकार की नीतियों और सरकारी योजनाओं को बूथ स्तर तक ले जाएं। उन्होंने सिलक्यारा टनल में फंसे श्रमिकों के बचाव के लिए केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की धामी सरकार के कार्यों की चर्चा कर आभार प्रकट किया।

यह बातें उन्होंने भारतीय जनता युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक के समापन सत्र को संबोधित करते हुए कही। गुरुवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा उत्तराखंड प्रदेश की प्रदेश कार्यकारिणी बैठक और मंडल सशक्तीकरण प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन हरिद्वार स्थित निष्काम सेवा ट्रस्ट के हॉल में हुआ। बैठक का उद्घाटन भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष शशांक रावत, भाजपा संगठन महामंत्री अजेय कुमार एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष और भाजयुमो प्रभारी शैलेंद्र बिष्ट ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया।

शशांक रावत ने सभी अतिथियों और पदाधिकारियों का स्वागत और लोकसभा चुनाव में युवा मोर्चा की भागीदारी के बारे में चर्चा की। भाजपा संगठन महामंत्री अजेय कुमार ने कहा मंडल सशक्तिकरण अभियान को हर जिले और मंडल स्तर तक युवा मोर्चा के कार्यकर्ता ले जाएं। शैलेन्द्र बिष्ट ने कहा कि युवा मोर्चा आगामी लोकसभा चुनाव में नरेंद्र मोदी को पुनः प्रधानमंत्री बनाने के लिए पूरी तरह तैयार है और लोकसभा चुनाव में भाजपा पुनः 5 की 5 सीट जीतेगी।

हरिद्वार सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने शिक्षा नीति के बारे में बताया और नई शिक्षा नीति के बाद भारत में होने वाले बड़े बदलाव और उसकी महत्वता को युवाओं के मध्य रखा। हरिद्वार विधायक मदन कौशक ने भाजपा की यात्रा पर प्रकाश डाला और जनसंघ से भाजपा और 2014 से पहले भारत और 2014 के बाद के भारत के बीच अन्तर की यात्रा का विवरण देकर युवाओं में जोश भरा।

भाजयुमो के राष्ट्रीय मंत्री श्याम राज ने मोदी सरकार की जन कल्याणकारी नीतियों के बारे में बताया। इस मौके पर रोहन सहगल, जिलाध्यक्ष विक्रम भुल्लर, दिपांशु विद्यार्थी समेत अन्य प्रदेश के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.