भाजपा राज में जनता महंगाई से त्रस्त, बेरोजगारी ने तोड़े रिकॉर्ड : करन माहरा

अल्मोड़ा (एजेंसी)। उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने गुरुवार को पूर्व दर्जा मंत्री व वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रदेश कांग्रेस कमेटी बिट्टू कर्नाटक के कैम्प कार्यालय लोअर माल रोड कर्नाटक खोला पहुंच पत्रकार वार्ता की। इससे पहले वहाँ उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।

प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि आज उत्तराखंड के साथ ही पूरे देश में लोग महंगाई से त्रस्त हैं। बेरोजगारी ने अपने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं जिससे युवा परेशान हैं। उत्तराखंड में 2020 की आपदा में क्षतिग्रस्त सड़कें आज तक नहीं बन पाई हैं। भाजपा सरकार के कोरे आश्वासनों से जनता बेहाल है।

उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि आज युवाओं को आगे आना होगा और अपने पहाड़, अपने उत्तराखंड को बचाने के लिए अपनी युवा शक्ति प्रदर्शित करनी होगी। उन्होंने कहा कि जो लोग कांग्रेस मुक्त भारत होने के मुंगेरीलाल के सपने देख रहे हैं वे अपने सपनों में ही खुश रहे क्योंकि आने वाले लोकसभा, नगर निकाय और पंचायत चुनाव में कांग्रेस बहुलता के साथ अपना परचम लहराएगी।

अगले छः माह में कांग्रेस उत्तराखंड में मजबूती के साथ उभर कर सबके सामने आएगी। पूर्व दर्जामंत्री बिट्टू कर्नाटक ने कहा कि हम कांग्रेस के कार्यकर्ता हैं और प्रदेश अध्यक्ष के हर फैसले के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं, उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी आज करन माहरा के नेतृत्व में मजबूत होती जा रही है और आगामी होने वाले समस्त चुनावों में कांग्रेस पार्टी उत्कृष्ट प्रदर्शन करेगी और अपना परचम लहराएगी।

इस अवसर पर कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष ताड़ीखेत गोपाल सिंह देव, जिला पंचायत सदस्य चन्द सिंह बिष्ट, विजय तिवारी, वरिष्ठ कांग्रेसी दीप कर्नाटक, असलम खान, भूपेन्द्र भोज, अमर बोरा, दीपक पोखरिया, हिमांशु बिष्ट, रोहित शैली, सागर पाण्डेय, हेम जोशी, गोलू सतवाल, प्रधान गौरव काण्डपाल, रमेश भाकुनी, गोपाल तिवारी, हसन, हिमांशु कनवाल, अभिषेक बनौला, पंकज कनवाल सहित अन्य मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वतन्त्रता संग्राम सेनानी परिवार के राकेश पन्त ने की। संचालन एनएसयूआइ के राष्ट्रीय कार्डिनेटर गोपाल भट्ट ने किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.